दिल्ली कमेटी ने डेरा सिरसा से समर्थन मांगने गये सिख उम्मीदवारों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की

श्री अकाल तख्त साहिब जी के जत्थेदार को दिल्ली कमेटी ने भेजा शिकायती पत्र

डेरा सच्चा सौदा सिरसा में पंजाब चुनाव के लिए समर्थन मांगने गये सिख उम्मीदवारों के खिलाफ पंथक परंम्पराओं अनुसार कार्यवाही करने की दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने मांग की है। अध्यक्ष मनजीत सिंह जी.के. के नेतृत्व में कमेटी के पदाधिकारियों की हुई आपात बैठक में इस संबंधी श्री अकाल तख्त साहिब जी के जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह को शिकायती पत्र कमेटी द्वारा भेजने का फैसला लिया गया।

बैठक में महासचिव मनजिन्दर सिंह सिरसा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष महिन्दर पाल सिंह चड्डा, उपाध्यक्ष सतपाल सिंह एवं संयुक्त सचिव अमरजीत सिंह फतेह नगर मौजूद थे। जी.के. एवं सिरसा ने कहा कि डेरा प्रमुख के साथ क्योंकि श्री अकाल तख्त साहिब जी द्वारा रोटी एवं बेटी का रिश्ता नहीं रखने का हुक्मनामा 2007 में जारी हुआ था। इसलिए डेरे की चौखट पर गये सिख उम्मीदवार पहली नजर में हुक्मनामें को नजरअंदाज करने के कथित तौर पर दोषी हैं।

जी.के. ने दोषियों को पंथक परंम्पराओं के अनुसार सजा देने की वकालत करते हुए जत्थेदार को भेजे पत्र की प्रति शिरोमणी कमेटी अध्यक्ष प्रो. कृपाल सिंह बडूंगर को भी भेजी है। जी.के. ने साफ कहा कि जिस प्रकार कत्ल, बलात्कार एवं चेलों को नपुंसक बनाने के दोषों के तहत अदालतों के चक्कर काट रहे इन्सान को किसी भी कीमत पर साधु नहीं माना जा सकता है उसी प्रकार हमारे लिए श्री अकाल तख्त साहिब जी से आये हुक्मनामें के उल्लंघन का सवाल ही नहीं पैदा होता।

Leave A Reply

Your email address will not be published.