अयोध्या में धर्मसभा का हुआ समापन, राम मंदिर का निर्माण होने तक जारी रहेगा आंदोलन
Abhishek Sharma
Greater Noida (25/11/18) : अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए विश्व हिंदू परिषद द्वारा आयोजित की गई सभा का समापन हो गया है। धर्मसभा में विहिप द्वारा करोड़ों हिंदुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए मंदिर निर्माण के लिए आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया गया।
रविवार को राम की नगरी में आयोजित धर्मसभा के लिए सुबह से ही रामभक्तों की भीड़ उमड़ी रही। प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। मगर रामभक्तों का रेला उमड़ा तो पूरी अयोध्या उनके कब्जे में आ गई।
धर्मसभा को संबोधित करते हुए विश्व हिंदू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने बयान दिया है कि राम मंदिर के लिए हमें भूमि का बंटवारा मंजूर नहीं। सुन्नी वक्फ बोर्ड को अपना केस वापस लेना चाहिए। हमें पूरी की पूरी जमीन चाहिए। उन्होंने कहा कि अब मंदिर मुद्दे पर कोई और सभा नहीं होगी, सीधे निर्माण प्रारंभ होगा।
वहीं, रामभद्राचार्य ने कहा कि राममंदिर को लेकर सरकार 11 दिसंबर के बाद ऐलान करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मध्य प्रदेश में राम मंदिर पर दिए गए बयान के बाद इसके निहितार्थ तलाशे जा रहे हैं। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में चुनाव प्रचार के दौरान मोदी ने कांग्रेस पर मंदिर निर्माण में अड़चन डालने का आरोप लगाया।
प्रदेश के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर आनंद कुमार ने रविवार दोपहर की गई प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि धर्मसभा में करीब 75 हजार लोग मौजूद हैं, जबकि लगभग 27000 लोगों ने रामलला के दर्शन किये।
ठाकरे ने कहा कि रामलला के दर्शन कर बाहर आने पर ऐसा लगा कि मैं जेल से निकल रहा हूं। मैं कल से अयोध्या में हूं। यहां अच्छा लग रहा है। राममंदिर का नाम लेकर अब वोट की राजनीति नहीं होनी चाहिए। पिछले चार सालों में सरकार ने कुछ नहीं किया। अगर मामला अदालत के पास ही जाना है तो चुनाव प्रचार में राममंदिर का इस्तेमाल करना बंद कर देना चाहिए। जनता से कह देना चाहिए कि राममंदिर भी हमारे लिए एक चुनावी जुमला था।
उद्धव ठाकरे ने कहा कि संसद का एक सत्र बचा हुआ है। इसमें राममंदिर के लिए अध्यादेश लाना चाहिए। शिवसेना अध्यादेश का समर्थन करेगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि, योगी जी ने कहा था कि वहां मंदिर था, मंदिर है और मंदिर ही रहेगा। ठाकरे बोले, दुख तो इस बात का है कि मंदिर दिख नहीं रहा है। जल्द से जल्द मंदिर निर्माण होना चाहिए।