ग्रेटर नोएडा : महिला को घर छोडने का झांसा देकर जेठ ने दोस्त के साथ मिलकर किया रेप, आरोपी गिरफ्तार
Abhishek Sharma
ग्रेटर नोएडा में लॉकडाउन के दौरान फंसी महिला को घर पहुंचाने का झांसा देकर दो युवकों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपितों में महिला का जेठ भी शामिल है।
पुलिस ने बताया कि नोएडा से जारचा जाने के दौरान आरोपितों ने कैब तिलपता कंटेनर डिपो के समीप रोक ली और महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर महिला को जान से मारने की धमकी दी।
महिला जब अपने घर पहुंची तो उसने पूरी आपबीती अपने पति को सुनाई। तब मामले की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपित जेठ व उसके साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि जारचा की रहने वाली एक महिला नोएडा स्थित एक फैक्ट्री में नौकरी करती थी। नोएडा में ही वह किराये पर रहती थी। जारचा में उसका परिवार रहता है। महिला लॉकडाउन में नोएडा में फंस गई थी। महिला को जारचा उसके घर पहुंचाने का झांसा देकर उसके जेठ संदीप ने दिया।
महिला उसके झांसे में आ गई और मंगलवार को कैब में संदीप के साथ नोएडा से जारचा के लिए तैयार हो गई। संदीप ने रास्ते में अपने साथी आकाश को भी कैब में बैठा लिया। सूरजपुर के तिलपता कंटेनर के समीप पहुंचते ही आरोपितों ने कैब में ही महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया।
पुलिस ने दोनों आरोपित संदीप व आकाश को गिरफ्तार किया है। दोनों नोएडा के सेक्टर 51 में किराये पर रह रहे थे।