यूपी : आकाशीय बिजली से 4 लोगों की मौत, सीएम योगी ने की मुआवजे की घोषणा

Abhishek Sharma

उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में शुक्रवार देर रात तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से जानमाल की हानि भी हुई है।

मुजफ्फरनगर जिले के भोपा थाना क्षेत्र में पड़ने वाले शुकतीर्थ गंगा खादर में आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के चार लोग बुरी तरह झुलस गए। परिवार के दो बच्चों की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

वहीं दूहरी ओर ललितपुर जिले में खेत की रखवाली कर रहे एक किसान की आकाशीय बिजली की चपेट में आकर मौत हो गई। घटना गिरार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चितरापुर ग्राम की है।

वहीं रायबरेली के नसीराबाद थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। गंभीर रूप से झुलसे युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।उसकी हालात नाजुक बनी हुई है।

रायबरेली में ही महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के मोहब्बत नगर में खेत में काम करते वक्त एक महिला आकाशीय बिजली की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गई। महिला को अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न जिलों में आकाशीय बिजली से हुई मौतों पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सीएम योगी ने संबंधित जिला अधिकारियों को पीड़ित परिवारों की मदद का निर्देश दिया है।

आकाशीय बिजली की चपेट में आकर जिनकी मौत हुई है उनके परिवारों को सीएम योगी ने 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने का निर्देश दिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.