मेरा नोएडा, प्यारा नोएडा, न्यारा नोएडा’, 44वें स्थापना दिवस पर एक सुर में बोले नोएडावासी, टेन न्यूज की विशेष रिपोर्ट
Abhishek Sharma
Noida (18/04/2020) : नोएडा को बसे हुए 44 वर्ष पूरे हो चुके हैं। बता दे कि 17 अप्रैल 1976 को नोएडा की स्थापना औद्योगिक क्षेत्र के रूप में की गई थी। आज 44 वर्ष पूरे होने के बाद नोएडा की पहचान देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी विकासशील शहर के रूप में होती है। यहां की खास बात यह है कि देश के ही नहीं बल्कि दुनिया के कई देशों के लोग यहां पर वास करते हैं। बड़ी तेजी से नोएडा का विकास हुआ है, इसमें यहां के नागरिकों की बेहद अहम भागीदारी रही है। यहां के निवासी नोएडा प्राधिकरण, जिला प्रशासन के साथ कंधे से कंधे मिलाकर खड़े रहते हैं। 44 वर्ष की इस यात्रा में नोएडा शहर ने बहुत कुछ हासिल किया है, लेकिन उससे भी ज्यादा अभी हासिल करने को बाकी है, यह नोएडावासी सोच रखते हैं।
नोएडा के 44 वर्ष पूरे होने पर शहर के गणमान्य नागरिकों ने वीडियो संदेश के माध्यम से बधाई संदेश टेन न्यूज़ को भेजे हैं। वहीं कुछ लोगों ने नोएडा को और बेहतर बनाने के लिए कई सुझाव भी दिए हैं।
पेश है नोएडा के 44 वें जन्मदिवस पर टेन न्यूज़ की विशेष रिपोर्ट
रूके न कभी, थमे न कभी, प्रगति नोएडा की, कुर्बान है इस पर दिल, जिगर और जान भी, अधिकारियों को शत-शत प्रणाम है, नोएडा की बगिया के माली और टेन न्यूज को ‘सलाम है, सलाम है, सलाम है’ – सुपर्णा सूद & सूधीर सूद
है दिलकश नजारे सुहाना है मौसम, तुम्हारे बिना भी तुम्हारा है मौसम, जो सोचा तुम्हें तो ये बादल क्यों बरसे, दीवाने हैं हम या दीवाना है मौसम
मेरा नोएडा, प्यारा नोएडा, न्यारा नोएडा – दुर्गेश्वरी सिंह, संचालिका (ज्ञानेश्वरी इंस्टीट्यूट)
आज नोएडा का 44 वां स्थापना दिवस है, इस अवसर पर सभी कर्मचारियों, अधिकारियों व निवासियों को इसकी ढेर सारी शुभकामनाएं। हालांकि यह बेहद कठिन समय हैं, हम सब मिलकर कोरोना वायरस के खिलाफ एक लड़ाई लड़ रहे हैं। हम सभी लोग मिलकर इस लड़ाई को लड़े हैं और मिलकर इस बीमारी को यहां से दूर भगाएं, यही नोएडा के जन्मदिवस का सबसे बड़ा उपहार होगा। – राजीव सिंह, अध्यक्ष, नोफा
आज 17 अप्रैल 2020 को नोएडा के 44 वर्ष पूरे हो गए हैं इन 44 वर्षों में नोएडा प्राधिकरण ने काफी उन्नति की है जिसमें नोएडा के अंदर इंफ्रास्ट्रक्चर एजुकेशन हब आईटी हब इंडस्ट्री बैंक मॉल फ्लाईओवर अच्छी सड़कें पार्क समेत अनेकों विकास कार्य किए गए हैं इसके लिए नोएडा प्राधिकरण जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन निश्चित रूप से बधाई के पात्र हैं परंतु 44 वर्षों के पूरे होने पर भी ट्रैफिक पार्किंग अतिक्रमण की समुचित व्यवस्था नहीं हो पाई है मेरा अनुरोध है कि इन समस्याओं पर भी प्लानिंग करके विकास कार्य करने की आवश्यकता है मैं नोएडा प्राधिकरण जिला प्रशासन व यहां के निवासियों को नोएडा के 44 स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। – पी.एस जैन, अध्यक्ष, कोनरवा संस्था
मुझे नौकरी के दौरान कई शहरों में रहने का मौका मिला। आखिरी स्थान नोएडा रहा, जो सबसे अच्छा और प्यारा शहर मुझे लगा। यहां खूबसूरत बड़े-बड़े मॉल, लोगों के घूमने के लिए अच्छी अच्छी जगह हैं। मेट्रो सुविधा है, जिससे दिल्ली-एनसीआर में कहीं भी जा सकते हैं। यहां की सबसे बड़ी खूबसूरती, यहां के बड़े-बड़े पार्क हैं। जो कि आमतौर पर हर शहर में नहीं मिलते हैं। नोएडा एक ऐसा शहर है, जहां पर बहुत खूबसूरत पार्क हैं, लोग इसका पूरा उपयोग करते हैं, घूमने जाते हैं, पिकनिक मनाते हैं। इसके अलावा बड़ी बड़ी सड़कें जो देश के बहुत से शहरों में होती ही नहीं हैं। इसके अलावा अच्छे रेस्टोरेंट जहां पर हर तरह के भोजन की व्यवस्था है। लोग दूर-दूर से यहां पर इन्वेस्टमेंट करने के लिए आते हैं। वहीं बोटैनिकल गार्डन, जहां पर पेड़-पौधों की अनेकों दुर्गम प्रजातियां हैं। सबसे बड़ी बात, यहां के निवासी बहुत अच्छे हैं। यहां के अधिकारी लोगों की समस्याओं को दूर करने के लिए हर वक्त तत्पर रहते हैं। बहुत कुछ दिया है इस शहर ने लोगों को, अब हमारी जिम्मेदारी है कि सब लोग मिलकर नोएडा शहर को सुंदर, स्वस्थ एवं हरित बनाएं। नोएडा शहर के 44 पर स्थापना दिवस की सभी शहर वासियों को ढेर सारी शुभकामनाएं। – के.के जैन, महासचिव, फोनरवा संस्था
आज नोएडा शहर के 44 वर्ष पूरे हो चुके हैं। आज जब देश में कोरोना हमारी से सब लोग जूझ रहे हैं, ऐसे में इस से लड़ना हम सबकी जिम्मेदारी है। सच में नोएडा प्राधिकरण ने जन सुविधाओं और लोगों के लिए रात दिन काम किया है। लोगों की परेशानियां सुनकर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने उसका हल निकाला है। इस समय प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी के निर्देशन में नोएडा आगे बढ़ रहा है। कोरोना वायरस के इस समय में नोएडा प्राधिकरण गरीब, असहाय एवं झोपड़ी-झुग्गियों में रहने वाले लोगों को खाद्य सामग्री एवं जरूरत का सामान पहुंचा रहा है। मुझे भरोसा है बहुत जल्द यह परेशानी खत्म होगी, नया उजाला आएगा और जिला प्रशासन, पुलिस एवं प्राधिकरण मिलकर नोएडा को शीर्ष आयामों तक पहुंचाएगा। –महेश सक्सेना, महासचिव, नोएडा लोकमंच
2007 से 2019 तक नोएडा के बहुत से रूप देखे हैं, लेकिन कभी ऐसा नहीं सोचा था कि 2020 में आकर हम ऐसी परिस्थिति में खड़े रहेंगे और नोएडा का स्थापना दिवस इस तरह से बनाना पड़ेगा। फिर भी सबसे अच्छी बात यह है कि हम एक दूसरे के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। विषम परिस्थितियों में भी लोगों का साथ दे रहे हैं। इसी इच्छाशक्ति के साथ हम अपने नोएडा को ‘मेरा नोएडा, प्यारा नोएडा, न्यारा नोएडा’ बनाएंगे। –सौरभ गोयल, उपाध्यक्ष, नोफा
आज नोएडा का 44 वां जन्मदिवस है, एक इंडस्ट्रियल टाउनशिप के रूप में प्लान किया गया शहर आज 44 साल का हो चुका है। यह फलता-फूलता हुआ शहर है, दुनिया के पटल पर इसका नाम और पहचान है। नोवरा आज सभी को नोएडा के 44 वें जन्मदिवस की शुभकामनाएं देती है। साथ ही कोरोना महामारी, जो हम सब के ऊपर आन पड़ी है उसके प्रति नोएडा की आम जनता, चुने हुए जनप्रतिनिधि, प्राधिकरण हैं, मैं उनकी सम्मिलित लड़ाई के प्रति सभी का आभार जताना चाहता हूं। कोरोना वॉरियर्स का आभार जताना चाहता हूं, जो सम्मिलित रूप से प्रयास कर रहे हैं। कमजोर और असहाय लोगों का साथ हम इस समय में देंगे, हम सबको यह प्रण लेना पड़ेगा। – रंजन तोमर , अध्यक्ष, नोवरा
‘मेरा नोएडा , प्यारा नोएडा, न्यारा नोएडा’, आज नोएडा शहर के 44वें स्थापना दिवस पर सभी को बधाई। ‘ग्रीन नोएडा, क्लीन नोएडा’ – अंजू पुंडीर, सचिव , महिला शक्ति सामाजिक समिति
नोएडा शहर के 44 वर्ष पूरे होने पर सभी लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई। आइए, हम सब लोग मिलकर नोएडा को और भी अधिक स्वस्थ, स्वच्छ, हरित एवं प्रगतिशील बनाने का संकल्प लें। –गरिमा त्रिपाठी
मेरा नोएडा, प्यारा नोएडा, न्यारा नोएडा, सबसे सुंदर नोएडा
– ब्रिगेडियर (रि.) अशोक हाक
जब 1984 में अपने परिवार के साथ दिल्ली से आया था तब नोएडा में कोई खास विकास नहीं था लेकिन आज यहाँ पर जितना विकास दिन प्रतिदिन हो रहा है वह काबीले तारीफ है आज यहाँ के जन प्रतिनिधियों की विकास को प्राथमिकता की वजह से हमारा प्यारा नोएडा उत्तर प्रदेश की शो विंडो कहलाता है व विश्व के मानचित्र में भी अपना नाम दर्ज करा चुका है जो हम सभी नोइडवासियों के लिए गर्व की बात है – निश्चित ही हमारा नोएडा प्यारा नोएडा जग से न्यारा नोएडा – आभार। – गिरीश गोविल