एलएनजेपी अस्पताल से फरार कोरोना मरीज हरियाणा से मिला , दिल्ली पुलिस ने शुरू की पूछताछ 

Rohit Sharma

नई दिल्ली :– दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल से फरार हुआ एक कोरोना पाजिटीव मरीज सोनीपत से पुलिस ने पकड़ लिया है |  साथ ही संपर्क में आए लोगों का पता किया जा रहा है | आपको बता दे कि दिल्ली के लोक नायक अस्पताल से फरार हुए 22 वर्षीय कोरोना पॉजिटीव युवक को राय, सोनीपत हरियाणा से पकड़ लिया गया है , उसे दिल्ली ले आया गया है।

आरोपी से पूछताछ की जा रही और पता किया जा रहा है कि वह फरारी के दौरान कितने लोगों के संपर्क में आया था। वह दिल्ली से राय, सोनीपत कैसे पहुंचा था। मध्य जिला डीसीपी संजय भाटिया ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि वह अस्पताल से भागने के बाद कितने लोगों के संपर्क में आया था। पता करने के बाद संपर्क में आए लोगों को क्वारंटाइन किया जाएगा। आरोपी के खिलाफ महामारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मूलरूप से गांव पालदी खुर्द, थाना राय जिला सोनीपत, हरियाणा का रहने वाला आरोपी सुमित(२२, बदला हुआ नाम) लोक नायक अस्पताल में भर्ती था। वह अस्पताल के कोविड-१९ केयर वार्ड नंबर-३१ मे एडमिट था। उसे कोरोना संदिग्ध होने पर १० अप्रैल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसका अस्पताल में टेस्ट कोरोना पॉजिटीव आया था। सुमित मौका लगते ही १६ व १७ अप्रैल की रात अस्पताल के वार्ड से फरार हो गया था। इससे गृहमंत्रालय समेत दिल्ली पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

आरोपी को पकडऩे के लिए मध्य जिला डीसीपी की ओर से इसकी सूचना दिल्ली के सभी थानाध्यक्षों को दी गई। साथ में पूरे देश में लुकआउट जारी करते हुए सभी राज्यों के एसएसपी को सूचना दी गई थी।  मध्य जिले के कम्युनिकेशन विभाग द्वारा एसएसपी सोनीपत व राय, सोनीपत थानाध्यक्ष को भी विशेष रूप से सूचना दी गई थी।

मध्य जिला डीसीपी संजय भाटिया ने बताया कि दिल्ली पुलिस की दिल्ली पुलिस ने राय, सोनीपत पुलिस की मदद से आरोपी को पकड़ा है। आरोपी को आज सुबह दिल्ली ले आया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है कि कितने लोगों के संपर्क में आया था। आरोपी ने शुरूआती पूछताछ में बताया कि वह बहुत ज्यादा परेशान हो गया था, इस कारण वह अस्पताल से फरार हो गया था। पुलिस ये जानने की कोशिश कर रही है कि लॉकडाउन के दौरान आरोपी राय, सोनीपत कैसे पहुंच गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.