गौतमबुद्धनगर : एक महीने में जिले को मिला तीसरा सीएमओ, दीपक ओहरी को मिली कमान
Abhishek Sharma
गौतम बुद्ध नगर में एक महीने में तीसरे मुख्य चिकित्सा अधिकारी की नियुक्ति की गई है। डॉ अनुराग भार्गव और डॉ एपी चतुर्वेदी के बाद दीपक ओहरी तीसरे सीएमओ नियुक्त किए गए हैं।
आपको बता दें कि गौतम बुद्ध नगर में कोरोना वायरस के सर्वाधिक 95 पॉजिटव केस मिलने, एक क्वारेंटाइन पेशेन्ट के आत्महत्या करने और संक्रमण पर कोई प्रभावी रोकथाम लगा पाने में नाकाम रहने से असंतुष्ट प्रदेश सरकार ने डॉ एपी चतुर्वेदी को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) के पद से हटाकर उनके सभी वित्तीय अधिकार ले लिए गए हैं।
डीजी हेल्थ डॉ. रुकुम केस ने शनिवार शाम इस जानकारी की पुष्टि की। गौरतलब है कि सीएमओ डॉ. एपी चतुर्वेदी की नियुक्ति इसी महीने एक अप्रैल को हुई थी।
डॉ एपी चतुर्वेदी के स्थान पर स्टेट मेडिकल एंड हेल्थ सर्विसेस के ज्वाइंट डायरेक्टर ने डॉक्टर दीपक ओहरी को प्रधानाचार्य आगरा मेडिकल कॉलेज के वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी गौतमबुद्ध नगर का पद व दायित्व सौंपे हैं। दीपक ओहरी को तत्काल कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है।
गौतमबुद्ध नगर में लगातार कोरोना वायरस के मरीजों की बढ़ती संख्या, जिले में लॉकडाउन और कानून व्यवस्था के साथ-साथ कोविड-19 बीमारी के फैलाव पर जिला प्रशासन द्वारा उठाए जा रहे कदमों पर अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने असंतोष जाहिर किया गया था। यह साफ हो गया था कि इसकी गाज किसी अधिकारी के ऊपर गिरना निश्चित है।
बीते दिनों मुख्यमंत्री योगी के दौरे के बाद पूर्व सीएमओ डॉ. अनुराग भार्गव और पूर्व जिलाधिकारी बीएन सिंह को पद से हटाया गया था। जिसकी वजह जिले में कोरोना के बढ़ते मामलों से मुख्यमंत्री का नाराज होना था। वहीं अब डॉ. एपी चतुर्वेदी की नियुक्ति के 18 दिन बाद ही उनके स्थान पर नए सीएमओ की नियुक्ति के आदेश जारी हो गए हैं।