ग्रेटर नोएडा में पकड़ा गया जमाती, ग्रामीणों ने बताया, ‘साड़ी’ पहनकर निकला जा रहा था
Abhishek Sharma
दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में शामिल होने वाले जमाती देश के अलग-अलग हिस्सों से पकड़े जा रहे हैं। ग्रेटर नोएडा में भी पूर्व में मरकज में शामिल होने वाले जमाती पकड़े गए हैं। वहीं कल दादरी थाना क्षेत्र में एक जमाती को पुलिस ने पकड़ा है।
बीते दिन शनिवार को दादरी कोतवाली के बढ़पुरा गांव से गुजर रहे निजामुदीन मरकज के एक जमाती को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। ग्रामीणों ने जमाती को पुलिस को सौंप दिया है। जिसके बाद पुलिस ने जमाती को ग्रेटर नोएडा के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) भेज दिया है।
पुलिस को पूछताछ से पता चला है कि जमाती कई माह से मरकज में रुका था। मूल रूप से जनपद बदायूं का रहने वाला अब्दुल फरीद निजामुदीन मरकज में साफ सफाई का काम करता है।
शनिवार को बढ़पुरा गांव के ग्रामीणों ने उसे गांव के मंदिर के पास देखा। गांव से बाहर का व्यक्ति होने के कारण ग्रामीणों ने उससे पूछताछ शुरू कर दी। जिसके बाद अब्दुल ने वहां से भागने का प्रयास किया। मगर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे दबोच लिया।
वहीं ग्रामीणों का कहना है कि मरकज में शामिल हुआ जमाती साड़ी पहनकर जा रहा था। जिस पर शक होने पर ग्रामीणों ने उसे पकड़ा तो वह उनके साथ बदतमीजी करने लगा। टिक टॉक पर डाली गई एक वीडियो में युवक का कहना है कि यह जमाती जब पकड़ा गया तो लोगों के ऊपर थूकने लगा, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई और पुलिस ने उसको काबू में लिया।
अब्दुल ने पुलिस को बताया कि वह पिछले पंद्रह दिन से लोनी में रुका हुआ था और अब जारचा में दोस्त के यहां रुकने के लिए जा रहा था। उसे जिम्स लिए रेफर कर दिया है। कोरोना की जांच के लिए सैंपल लिया गया है जिसके बाद ही पुष्टि स्पष्ट हो सकेगी।
आपको बता दें कि इससे पहले भी गौतमबुद्धनगर जिले में जमाती पकड़े जा चुके हैं। हालांकि उनको कोरोना पॉजिटिव नहीं पाया गया है।