गौतमबुद्धनगर की स्थिति असंतोषजनक, लाॅकडाउन में भी अधिकारियों के बीच तालमेल नही

Abhishek Sharma

लॉकडाउन को ठीक से लागू करवा पाने में यूपी के 40 से भी अधिक जिले खुद प्रदेश सरकार की ही निगाह में अभी विफल साबित हो रहे हैं। अपने हर जिले की माइक्रो मॉनिटरिंग कर रही उत्तर प्रदेश सरकार का मानना है कि ये जिले ऐसे हैं जहां कोविड-19 को काबू करने के लिहाज से लॉकडाउन को और कड़ाई से लागू किए जाने की जरूरत है।

लॉकडाउन ठीक से लागू न करवा पाने पर गहरा असंतोष जाहिर करते हुए इन जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों को आगाह किया गया है कि वहां लॉकडाउन के संदर्भ में कानून-व्यवस्था के हालात पर और कोविड-19 के प्रसार पर काबू पाने में कमी रह रही है।

प्रदेश सचिवालय सूत्रों के अनुसार सभी संबंधित जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तानों को इस बाबत कड़ाई से काम करने के साथ-साथ आपसी तालमेल पर भी अधिक ध्यान देने के लिए अलर्ट करते हुए राज्य सरकार की ओर से 18 अप्रैल को एक पत्र भेजा गया है।

ध्यान रहे कि प्रदेश में एक दर्जन से भी अधिक जिलों में पुलिस या स्वास्थ्य कर्मियों या सफाई कर्मियों पर हमले की घटनाएं हुई हैं। इस पर गंभीर चिंता जाहिर की गई है। कई जिले ऐसे हैं जहां पर इस तरह के हमलों की एक से अधिक घटनाएं हुई हैं।

इस लिहाज से बरेली का रिकार्ड सबसे खराब है जहां पुलिस वालों पर आठ हमले हुए हैं और स्वास्थ्य कर्मियों पर भी एकाधिक हमले की घटनाएं हुईं।

तालमेल की कमी के इसी पैमाने पर नोएडा यानी गौतमबुद्धनगर के हालात भी अभी तक संतोषजनक नहीं हैं। संदिग्ध कोरोना संक्रमित द्वारा आत्महत्या करने और 67 कोरोना संक्रमितों (पत्र भेजे जाने के समय की संख्या) के पाए जाने की चुनौती के अलावा मुख्यमंत्री की कड़ी फटकार झेल चुके इस जिलें में तालमेल की कमी का बने रहना सरकार के लिए खास चिंता का विषय है।

काम में कोताही के कारण ही योगी आदित्यनाथ ने कुछ समय पहले नोएडा के तत्कालीन डीएम बीएएन सिंह और सीजमओ को आनन-फानन में वहां से चलता किया था। वहीं बीती शाम एक बार फिर यहां के सीएमओ को बदला है। यहां की कमान अब दीपक ओहरी को सौंपी गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.