लाॅकडाउन : गौतमबुद्ध नगर में फिलहाल कोई राहत नहीं, 20 अप्रैल से नहीं खुलेंगे उद्योग, हुए कई अहम फैसले

ROHIT SHARMA / ABHISHEK SHARMA

जिले में कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए नोएडा में एक प्रेस वार्ता आयोजित हुई। जिसमें अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी बात रखी। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभी जिलों के आला अधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मीटिंग हुई।

जिसमें प्रदेश के कई जिलों में लाॅकडाउन में कुछ राहत देने का फैसला लिया गया, लेकिन गौतम बुद्ध नगर के निवासियों को कोई राहत मिलती हुई नजर नहीं आ रही है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि फिलहाल किसी प्रकार की गतिविधि शुरू नहीं की जाएगी। जिले में किसी प्रकार के उद्योग भी चालू नहीं किए जाएंगे। केवल आवश्यक सेवा वाले उद्योग ही खुल सकेंगे।

आपको बता दें कि इस बैठक में गौतमबुद्ध नगर के डीएम, पुलिस कमिश्नर, तीनों प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी समेत समस्त आला अधिकारी मौजूद रहे।

डीएम ने बताया कि फिलहाल जिले में कोरोना वायरस के 97 केस हैं। लेकिन राहत की बात यह है कि यहां पर अब तक 38 कोरोना संक्रमित मरीज स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं। जिला प्रशासन ने पूरे जिले में अब तक 30 हॉटस्पॉट चिन्हित किए हैं, जिनको 3 मई तक सील कर दिया हैं।

डीएम का कहना है कि हॉटस्पॉट एवं कंटेनमेंट जोन के लिए अलग नियम बनाए हैं। जिन क्षेत्रों में कोरोना का एक केस होगा, वहां पर कंटेनमेंट जोन का दायरा 1 किलोमीटर का होगा।

वही जिन जगहों पर 2 या उससे अधिक संक्रमित मरीज मिलते हैं तो कंटेनमेंट जोन का दायरा 3 किलोमीटर किया जाएगा। इसके अलावा 2 किलोमीटर का बफर जोन भी होगा।

इसके अलावा हॉटस्पॉट क्षेत्र में 28 दिन तक कोरोना का कोई नया मरीज नहीं मिलने पर उसको ग्रीन जोन बना दिया जाएगा।

वहीं जिले में फिलहाल आवश्यक वस्तुएं, चिकित्सा सेवा एवं सैनिटाइजेशन प्रक्रिया के अलावा किसी अन्य प्रकार की गतिविधि पर अग्रिम आदेश तक रोक रहेगी।

बैठक में निर्णय लिए गए अन्य महत्वपूर्ण निर्णय

– नोएडा व ग्रेटर नोएडा के अधिकांश क्षेत्र कंटेनमेंट जोन, बफर जोन में आच्छादित हैं।

– फिलहाल लाॅकडाउन की स्थिति में आवश्यक वस्तुओं की होम डिलीवरी की जा रही है, कोरोना के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए रैंडम तौर पर होम डिलीवरी करने वाले लोगों की कोरोना जांच की जाएगी।

– जिले में अगले आदेश तक हाउसिंग प्रोजेक्ट्स एवं किसी अन्य प्रकार के निर्माण कार्य पर अगले आदेश तक रोक रहेगी।

– जनपद के विभिन्न सरकारी कार्यालय है, जो वर्तमान स्थिति में खुल रहे हैं, वहां पर केवल आवश्यक सेवाओं के अलावा सभी प्रकार की आवाजाही पर रोक रहेगी।

– वर्तमान में जिले की परिस्थितियों को देखते हुए किसी प्रकार के औद्योगिक प्रतिष्ठान के संचालन पर सामान्यतः अनुमति नहीं दी जाएगी।

– कंटेनमेंट जोन के अंतर्गत वर्तमान में चल रही आवश्यक सेवाओं वाली इकाइयों का पास फिर से प्राधिकरण, जिला प्रशासन व पुलिस द्वारा रिन्यू किया जाएगा।

– ऐसे ग्रामीण क्षेत्र जो कंटेनमेंट जोन से बाहर हैं, वहां पर पशुपालन, खेतीबाडी के दौरान भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

– जिन कानूनों के तहत लॉक डाउन अब तक जिले में चल रहा था, उसी ढंग से आगे भी लागू रहेगा।

-बिना वैध पास या अनुमति के आवागमन लॉक डाउन का उल्लंघन आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की विभिन्न धाराओं के तहत कानूनी अपराध होगा।

टेन न्यूज की जनसामान्य से अपील है कि लॉक डाउन का पालन अच्छे ढंग से करें और गौतम बुध नगर को कोरोना से मुक्त बनाने में जिला प्रशासन और स्वास्थय विभाग का सहयोग करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.