ग्रेटर नोएडा : कोरोना संक्रमित महिला ने आइसोलेशन वार्ड में बच्चे को दिया जन्म
Abhishek Sharma
पूरा देश इस वक्त कोरोना महामारी से जूझ रहा है। वहीं गौतम बुद्ध नगर में एक मामला सामने आया है, जहां एक महिला को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। जिसके बाद उसे ग्रेटर नोएडा के जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसने बेटे को जन्म दिया है।
आपको बता दें कि नोएडा स्थित चेरी काउंटी निवासी कोरोना पॉजिटिव महिला ने राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में बेटे को जन्म दिया है। चिकित्सकों ने बच्चे में संक्रमण की पुष्टि के लिए सैंपल जांच के लिए ले लिया है।
रिपोर्ट के अनुसार नवजात में संक्रमण का पता चल सकेगा। फिलहाल, मां-बेटे की हालत स्थिर है। जिम्स से मिली जानकारी के मुताबिक, चेरी काउंटी निवासी गर्भवती महिला को कोरोना पॉजिटिव होने पर जेपी हॉस्पिटल से जिम्स के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था।
सोमवार को उसे प्रसव पीड़ा शुरू हुई तो चिकित्सकों ने तुरंत ही प्रसव प्रक्रिया शुरू कर दी। अस्पताल की सीएमएस डॉ. शिखा सेठ के नेतृत्व में सिजेरियन डिलीवरी कराई। सोमवार शाम महिला ने बेटे को जन्म दिया। उपचार के लिए महिला को आइसोलेशन पीरियड तक जिम्स में ही रखा जाएगा।
बच्चे में मां का रक्त जाने की संभावना अधिक रहती है। ऐसे में बच्चे का सैंपल भी लिया गया है। महिला एक निजी अस्पताल में पैथोलॉजिस्ट हैं, जबकि उनके पति नोएडा स्थित निजी अस्पताल में चिकित्सक हैं। निजी लैब से हुई जांच में महिला में कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई थी।
हालांकि, अभी तक संक्रमण का कारण पता नहीं चल सका है। वहीं, महिला के पति की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिम्स निदेशक बिग्रेडियर डॉॅ. राकेश गुप्ता ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव महिला ने बेटे को जन्म दिया है। दोनों की देखरेख में चिकित्सकों की टीम लगी हुई है।