नई दिल्ली :– दिल्ली के पटेल नगर इलाके में दिनदहाड़े एक शख्स की चाकू मारकर हत्या कर दी गई | दिल दहला देने वाली इस वारदात की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है , मृतक का नाम कृष्णा शाह है | चालीस साल के कृष्णा पटेल नगर के प्रेम नगर इलाके में रहते थे |
वारदात के बाद मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मामले की जांच में जुट गई है | जिस जगह ये वारदात हुई वहां पास में एक सीसीटीवी कैमरा भी लगा हुआ था ,पुलिस अब इस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ही आरोपियों की तलाश में जुटी है |
सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि सेंट्रल दिल्ली के पटेल नगर थाना स्थित प्रेम नगर इलाके के गली नंबर 12 में कृष्णा को एक लड़का लाठी डंडे से पीट रहा है , उसी दौरान दूसरा लड़का चाकू मार देता है |
स्थानीय लोगों के अनुसार, लॉकडाउन में भी कुछ लोग कभी गली में तो कभी किसी के छतों पर बैठकर नशा करते रहते हैं | मना करने पर भी नहीं मानते हैं ,जब कोई उन्हें रोकता या टोकता है तो उनके साथ मारपीट तक करने लगते हैं | आज भी कुछ ऐसा ही हुआ , कृष्णा के परिजनों ने कुछ लोगों को गली में नशा करने से मना कर दिया |
इसके बाद नशेड़ियों ने मारपीट शुरू कर दिया. इस दौरान ही एक आरोपी लड़का आया और कृष्णा के पेट में चाकू मारता हुआ भाग गया, जिससे उनकी मौत हो गई |
पुलिस के अनुसार मृतक का बेटा और साला घायल हैं, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है | जल्द ही उनका बयान लेकर सीसीटीवी में दिख रहे आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी |