नोएडा में आरडब्ल्यूए की चल रही मनमानी, आवश्यक सेवाओं की डिलीवरी पर लगाई रोक

Abhishek Sharma

गौतम बुद्ध नगर कोरोना वायरस का हॉटस्पॉट घोषित किया जा चुका है। यहां दिन-प्रतिदिन मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। जिले के 30 इलाकों को हॉटस्पॉट घोषित कर 3 मई तक सील कर दिया है। ऐसे में केवल आवश्यक सेवाएं इन स्थानों पर संचालित रहेंगी।

इस बीच नोएडा में आरडब्लूए की मनमानी की कई घटनाएं सामने आई हैं। ऐसा ही मामला नोएडा के सेक्टर 93 स्थित एक्सप्रेस व्यू अपार्टमेंट में देखने को मिला, जहां आरडब्लूए के लोग आवश्यक सेवाओं की डिलीवरी करने वाले लोगों को भी अंदर नहीं आने दे रहे हैं।

निवासियों का आरोप है कि यहां आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों की मनमानी चल रही है। जिसके चलते बुजुर्गों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

सोसाइटी के निवासी अजीत कुमार यादव ने बताया कि आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों ने होम डिलीवरी करने वाले लोगों के गेट में अंदर घुसने पर पाबंदी लगाई है। जबकि प्रशासन की तरफ से इस तरह की कोई आदेश नहीं है।

उनका कहना है कि दवाई की होम डिलीवरी करने वाले लोग गेट पर रोके जा रहे हैं और तो और सोसाइटी में कचरा उठाने पर भी रोक लगा दी है। अजीत कुमार यादव का आरोप है कि आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने सोसाइटी के अंदर दूध और सब्जी की दुकान लगवा दी है, यहां सभी सामान ओवररेटिंग कर बेचा जा रहा है। जिसके चलते सोसायटी में रहने वाले लोग बाहर से आवश्यक वस्तुओं को मंगा रहे हैं।इन सेवाओं को रोकने के लिए आरडब्ल्यूए ने एंट्री पर पाबंदी लगा दी है।

वही इस बारे में आरडब्ल्यूए सचिव आर.एन यादव का कहना है कि सोसाइटी में रहने वाले कई लोगों ने मेंटेनेंस चार्ज जमा नहीं किया है जिसके चलते हैं कूड़ा उठाने पर पाबंदी लगाई है लेकिन आवश्यक सेवाओं की डिलीवरी पर इसलिए पाबंद लगाया है क्योंकि इससे कोरोना का संक्रमण फैल सकता है।

आपको बता दें कि गौतम बुद्ध नगर के नवनियुक्त जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने आदेश जारी करते हुए कहा था कि लॉक डाउन के दौरान आरडब्लूय अपनी मनमानी न करें। अगर आरडब्लूए अपने नियम बनाएगी तो जिला प्रशासन ऐसे लोगों के खिलाफ सख्ती से निपटेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.