दिल्ली में मौसम विभाग के कर्मचारी की कोरोना से मौत, संपर्क में आए 10 लोग क्वाॅरंटीन

Rohit Sharma

नई दिल्ली :– देश में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और अब सरकारी दफ्तरों में भी इसका असर दिखना शुरू हो गया है | देश के मौसम विभाग में कार्यरत एक कर्मचारी की कोरोना वायरस की वजह से सफदरजंग अस्पताल में मौत हो गई , यह कर्मचारी मौसम विभाग के प्रादेशिक मौसम केंद्र में काम करता था |

सफदरजंग अस्पताल में मौसम विभाग के कर्मचारी की मौत हुई थी , जिसके बाद अब एहतियात के तौर पर उसके संपर्क में आए 10 अन्य कर्मचारियों को क्वारनटीन कर दिया गया है |  इसके अलावा प्रादेशिक मौसम विभाग की पूरी बिल्डिंग को सैनिटाइज़ किया जा रहा है |

 

जिस कर्मचारी की कोरोना वायरस के चलते मौत हुई है, वह मल्टी टास्किंग स्टाफ के तौर पर कार्यरत था | विभाग ने अन्य कर्मचारियों को भी सतर्क रहने को कहा है | गौरतलब है कि राजधानी दिल्ली में आज कई ऐसे मामले सामने आए, जिनका सीधा संपर्क सरकारी विभागों से है |

राष्ट्रपति भवन में भी एक कर्मचारी की महिला रिश्तेदार के कोरोना वायरस पॉजिटिव होने की खबर आई, जिसके बाद 125 परिवारों को सतर्क किया गया है और क्वारनटीन में रहने को कहा गया है |

इसके अलावा लोकसभा सचिवालय में भी कार्यरत एक कर्मचारी में कोरोना की पुष्टि हुई है | ये कर्मचारी हाउस कीपिंग डिपार्टमेंट में काम करता है , फिलहाल उसका इलाज राम मनोहर लोहिया हॉस्पिटल में चल रहा है |

गौरतलब है कि राजधानी दिल्ली में लगातार कोरोना वायरस के मामलों में बढ़ोतरी हुई है | आज सुबह तक दिल्ली में 2081 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 40 से अधिक लोगों की मौत हो गई है , लेकिन दिल्ली में जिस तरह के मामले सामने आ रहे हैं, वो चिंता बढ़ाने वाले हैं. आज ही एक राशन की दुकान में काम करने वाले कर्मचारी को कोरोना पॉजिटिव पाया गया |

Leave A Reply

Your email address will not be published.