उत्तर प्रदेश के 34 जिलों में जमातियों को रखने के लिए बनी अस्थाई जेल

Abhishek Sharma

Noida (23/04/2020) : उत्तर प्रदेश में अपना क्वॉरेंटाइन पूरा कर चुके देशी, विदेशी बंदियों के लिए कुल 34 अस्थाई जेल बनाई गई हैं। यहां 156 विदेशी जमातियों के साथ 288 आरोपी रखे गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 65 विदेशी जमाती सहारनपुर जेल में बंद हैं।

विदेशी जमातियों पर टूरिस्ट वीज़ा पर जमाती गतिविधियों में शामिल होने और लॉक डाउन तोड़ने और एपेडेमिक एक्ट उल्लंघन का आरोप है।

यूपी के डीजी जेल आनंद कुमार ने बताया कि अस्थायी जेलों में बंद विदेशी जमातियों में बांग्लादेश के 34, इंडोनेशिया के 41, किर्गिस्तान के 23, सूडान के 14, थाईलैंड के 13, मलेशिया और तजाकिस्तान के दो-दो, नेपाल, सऊदी अरब, फ्रांस, फिलिस्तीन, सीरिया, माली, मोरक्को के एक-एक आरोपी हैं।

प्रत्येक अस्थायी जेल में एक डिप्टी जेलर की तैनाती इंचार्ज के तौर पर की गई है. कोर्ट के आदेश पर सभी आरोपी न्यायिक हिरासत में अस्थाई जेलों में रखे गए हैं।

डीजी जेल के मुताबिक अस्थाई जेलों में जेल मैनुअल पूरी तरह से लागू करवाया जा रहा है। अस्थायी जेलों की बाहरी सुरक्षा की जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की है।

इन 34 जिलों में बनी अस्थाई जेल

लखनऊ, बिजनौर, जौनपुर, सुल्तानपुर, सहारनपुर, भदोही, बुलंदशहर, प्रयागराज, सीतापुर, मुरादाबाद, वाराणसी, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, कानपुर नगर, मिर्जापुर, आगरा, मथुरा, सोनभद्र, उन्नाव, खीरी, हरदोई, फतेहपुर, प्रतापगढ़, हमीरपुर, शाहजहांपुर, बदायूं, रामपुर, बहराइच, बाराबंकी, मेरठ, बागपत, पीलीभीत, कन्नौज, बांदा में अस्थाई जेलें बनाई गई हैं। डीजी जेल ने बताया कि सबसे ज्यादा 65 विदेशी जमाती सहारनपुर जेल में बंद हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.