नोएडा : अपोलो की नर्स मिली थी कोरोना पॉजिटिव, अस्पताल प्रबंधन मामले को दबा रहा है : अध्यक्ष गोविंद शर्मा
Abhishek Sharma
पूरे देश में कोरोना महामारी का प्रकोप जारी है। देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 21 हजार के पार पहुंच गई है। वहीं गौतम बुद्ध नगर की बात करें तो यहां लगातार मरीज स्वस्थ होकर अपने घर जा रहे हैं।
नोएडा के सेक्टर 26 में एक बेहद चौका देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक नर्स कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी। इसकी जानकारी अधिकारिक तौर पर न तो जिला प्रशासन ने दी और ना ही अस्पताल प्रबंधन ने दी है।
वही सेक्टर 26 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष गोविंद शर्मा का कहना है कि सेक्टर में स्थित अपोलो हॉस्पिटल में एक नर्स कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी। जिसकी पुष्टि स्वयं अस्पताल की सीईओ डॉ प्रतिभा ने की थी। अस्पताल में नर्स कोरोना संक्रमित मिलने के बाद भी यहां किसी प्रकार का एहतियात नहीं बरता गया है, बल्कि पहले की तरह ही सारी गतिविधियां सुचारू रूप से चल रही हैं।
अध्यक्ष गोविंद शर्मा का कहना है कि सेक्टर 15ए में 70 वर्षीय महिला कोरोना पाॅजिटिव मिली थी, वह अपोलो हॉस्पिटल में उपचार कराने आई थी। जिसके संपर्क में उपचार करने वाला डॉक्टर आया था। महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने पर डॉक्टर को क्वॉरेंटाइन में भेज दिया गया था। हालांकि जो नर्स कोरोना पॉजिटिव पाई गई, वह मेटरनिटी सेक्शन से थी।
निश्चित तौर पर जब तक नर्स को इसकी जानकारी नहीं थी तो उनके संपर्क में भी बहुत से लोग आए होंगे। लेकिन अस्पताल प्रबंधन पूरे मामले को दबाने के प्रयास में हैं। जिसके चलते ना केवल सेक्टर 26 के लोगों को खतरा है बल्कि पूरे जिले को इससे खतरा हो सकता है।
उनका कहना है कि इस संबंध में उन्होंने आरडब्ल्यूए के लेटर हेड पर भी अपोलो हॉस्पिटल की सीईओ डॉ प्रतिभा से इस मामले में जवाब मांगा, लेकिन उन्होंने इसका भी कोई जवाब नहीं दिया।
वहीं उन्होंने इसके बारे में डीएम और डीसीपी संकल्प शर्मा को भी जानकारी दी थी इसके बावजूद इस पर कोई एक्शन नहीं लिया गया है। ना ही अब तक सेक्टर सैनिटाइज किया गया है और ना ही कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद जो सारी औपचारिकताएं होती हैं वह भी नहीं की गई हैं।
वहीं जब टेन न्यूज़ के संवाददाता ने अपोलो हॉस्पिटल की सीईओ डॉ प्रतिभा से इस बारे में बात करना चाहा तो उन्होंने मीडिया का नाम सुनते ही तुरंत फोन काट दिया। गौतमबुद्ध नगर के डीएम सुहास एलवाई ने भी इस संबंध में कोई जानकारी न होने की बात कही है।