यूपी सरकार ने कर्मचारियों के डीए पर लगाई रोक, 30 जून तक लाॅकडाउन में रहेंगी यह पाबंदियां, पढ़ें

Abhishek Sharma

कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण एक महीने से भी अधिक का समय लॉकडाउन में बीत जाने के बाद अब उत्तर प्रदेश में भी दुकानें खोलने पर विचार हो सकता है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपनी कोर टीम के साथ बैठक में स्पष्ट आदेश दिया कि प्रदेश में 30 जून तक कहीं पर भी कोई सार्वजनिक सभा नहीं होगी।

कोरोना वायरस महामारी और लगातार लॉकडाउन के मद्देनजर उत्तर प्रदेश सरकार ने एक और बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश सरकार ने भी केंद्र की तरह अपने कर्मियों का जनवरी से प्रस्तावित महंगाई भत्ता व पेंशनरों का महंगाई राहत रोकने का एलान किया है।

इसके साथ ही सरकार ने छह तरह के भत्ते भी स्थगित कर दिए हैं। यूपी सरकार ने महंगाई भत्ते (डीए) पर भी रोक लगा दी है। अब कर्मचारियों और पेंशनरों को डीए भी नहीं मिलेगा। एक जनवरी 2020 से जून 2021 तक डीए बंद रहेगा। इसके अलावा सचिवालय भत्ता, पुलिस भत्ता भी बंद कर दिया गया है। इससे यूपी में 16 लाख से ज्यादा कर्मचारी प्रभावित होंगे। वहीं 11.82 लाख पेंशनरों को झटका लगा है।

टीम 11 की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अधिकारियों से कहा कि कोरोना का संक्रमण रोकने के लिए हर जिले में फोकस टीम बनाइए। किसी भी सूरत में वायरस के संक्रमण का प्रसार नहीं होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रदेश मे 30 जून तक किसी भी सार्वजनिक सभा की अनुमति नहीं दी जाए। इसके बाद भी स्थिति के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.