बुलंदशहर हत्याकांड : उद्धव ठाकरे को सीएम योगी का जवाब, महाराष्ट्र संभालें, यूपी की चिंता न करें, योगी है तो न्याय है

Abhishek Sharma

महाराष्ट्र के पालघर और यूपी के बुलंदशहर में हुई संतों की हत्या के मामले पर अब राजनीति शुरू हो गई है। महाराष्ट्र में हुई घटना को लेकर सीएम योगी पर संप्रदाय की राजनीति करने का आरोप लगाने के वाली शिवसेना को योगी ने खुद जवाब दिया है।

मंगलवार को किए गए शिवसेना नेता संजय राउत के ट्वीट पर जवाब देते हुए योगी आदित्यनाथ ने उन्हें महाराष्ट्र संभालने की नसीहत दी है। सीएम योगी के इस ट्वीट के बाद ट्विटर पर कई घंटे तक योगी हैं तो न्याय है का हैशटैग ट्रेंड करता रहा।

शिवसेना के सांसद संजय राउत ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ पर पालघर की घटना को सांप्रदायिक बनाने का आरोप लगाया था। इस ट्वीट पर जवाब देते हुए यूपी के मुख्यमंत्री कार्यालय ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट किए।

वहीं बुलंदशहर कांड पर हुई कार्रवाई की जानकारी देते हुए सीएम योगी के कार्यालय ने लिखा, CM योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी में कानून का राज है। यहां कानून तोड़ने वालों से सख्ती से निपटा जाता है। बुलंदशहर की घटना में त्वरित कार्रवाई हुई और चंद घंटों के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार किया गया। महाराष्ट्र संभालें, यूपी की चिंता न करें।’

गौरतलब है कि बुलन्दशहर के पगोना गांव स्थित शिव मंदिर पर पिछले करीब 10 वर्षों से 55 वर्षीय साधु जगनदास और 35 वर्षीय साधु सेवादास रहते थे। दोनों साधु मंदिर में रहकर पूजा-अर्चना में लीन रहते थे, लेकिन सोमवार की देर रात मंदिर परिसर में ही दोनों साधुओं की गला काटकर हत्या कर दी गई।

मंगलवार सुबह जब ग्रामीण मंदिर में पहुंचे तो उन्हें साधुओं के खून से लथपथ शव पड़े मिले। इस मामले को गम्भीरता से लेते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी बुलन्दशहर के डीएम और एसएसपी को सख्त कार्रवाई के आदेश दिए थे। जिसके बाद पुलिस ने एक नशेड़ी व्यक्ति को गिरफ्तार कर साधुओं की हत्या का खुलासा भी कर दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.