लाॅकडाउन से नोएडा के विकास कार्य हुए प्रभावित, सीईओ ने अधिकारियों को दिए सख्त आदेश
Abhishek Sharma
कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के चलते पूरे देश में लॉक डाउन जारी है। जिसके चलते पूरे देश में लोगों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। वही कोरोना वायरस के चलते नोएडा के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
जिसके चलते नोएडा प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु माहेश्वरी ने उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए कि 3 मई के बाद मानकों के अनुरूप पार्कों एवं ग्रीन बेल्ट का कार्य शुरू कराने के लिए सभी कागजी कार्यवाही पूर्ण कर ली जाए।
साथ ही उन्होंने कहा कि कार्य करने वाले समस्त स्टाफ को मास्क एवं ग्लव्स उपलब्ध करा दिए जाएं। बैठक में अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि बार-बार निर्देश दिए जाने के बाद भी निविदाओं को प्रकाशित कराकर वर्क आर्डर जारी किए जाने के लिए समय सीमा निर्धारित क्यों नहीं की गई।
साथ ही अनुरक्षण के लिए लंबित निविदाओं का प्रकाशन पहले क्यों नहीं कराया। ऐसे में विशेष कार्याधिकारी उद्यान को निर्देशित किया गया कि वह प्रत्येक खंड के उप निदेशकों के साथ बैठक कर स्वयं पत्रावलियों का निरीक्षण कर उसे क्लियर कराएं।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि उद्यान विभाग में लंबित सभी निविदाओं का प्रकाशन अंतिम रूप से 10 मई तक अवश्य करा दिया जाए। जिस खंड में 10 मई तक निविदाओं का प्रकाशन नहीं कराया जाता है, उस खंड से संबंधित अधिकारी के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने का प्रस्ताव 11 मई को प्रस्तुत किया जाए।
सीईओ ने आगे कहा कि इसके अलावा विलोपित कूड़ा घरों के अनुरक्षण की गुणवत्ता अच्छी नहीं है। ऐसे में गुणवत्ता की जांच कराए बिना किसी भी संविदाकार को भुगतान न किया जाए।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु माहेश्वरी ने निर्देश दिया कि लोगों को सारी मूलभूत सुविधाएं प्रदान कराना प्राधिकरण का कार्य है। वर्तमान स्थिति को देखते हुए हॉटस्पॉट पर कंटेनमेंट जो उनके बाहर क्षेत्रों में कार्य प्रारंभ करने की तैयारी रखें। नियमित रूप से ग्रीन जोन ऑरेंज जोन व रेड जोन में नजर बनाकर रखें, जिससे कि निर्माण के संबंध में शासन प्रशासन से निर्देश प्राप्त होने पर तत्काल आवश्यक कार्यवाही की जा सके।