हंदवाड़ा में आतंकियों से हुई मुठभेड़ में बुलंदशहर के कर्नल आशुतोष शर्मा शहीद
Abhishek Sharma
रविवार की सुबह आई एक मनहूस खबर ने सभी को रुला दिया। शनिवार की रात जम्मू कश्मीर के हंदवाड़ा में आतंकियों के साथ हुई मुठभेड़ में बुलंदशहर के मूल निवासी 21 राष्ट्रीय राइफल के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल आशुतोष शर्मा शहीद हो गए।
इस दुखद समाचार से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। मूल रूप से औरंगाबाद के गांव इला परवाना निवासी आशुतोष शर्मा वर्तमान में परिवार के साथ जयपुर में रहते थे, हालांकि उनका काफी समय बुलंदशहर में ही बीता और यहां डीएवी कॉलेज में उन्होंने पढ़ाई पूरी की थी।
गांव के साथ उनका एक मकान बुलंदशहर कि राधा नगर कॉलोनी में भी था, जिसे बेचकर करीब 20 साल पहले वह जयपुर चले गए थे और फिलहाल वहीं रह रहे थे। रविवार की सुबह जैसे ही उनके शहीद होने की खबर जिले वासियों को मिली तो शोक की लहर दौड़ गई।
शहीद कर्नल के चचेरे भाई ने बताया कि बुलंदशहर के पैतृक गांव में ही उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनका बचपन भी यहीं बीता है। चचेरे भाई सुनील पाठक ने बताया कि बुलंदशहर प्रशासन ने उन्हें एक पास जारी कर दिया है। इसकी मदद से वह पार्थिव शरीर को लेने के लिए जयपुर रवाना होंगे।