यूपी सरकार की नई पहल, मदरसों में भी शुरू होगी ऑनलाइन पढ़ाई

Abhishek Sharma

लॉकडाउन में छात्रों की पढ़ाई प्रभावित ना हो ऐसे में योगी सरकार अन्य संस्थानों की तरह मदरसों में भी ऑनलाइन पढ़ाई शुरू कराने की तैयारी कर रही है। उत्तर प्रदेश सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने शिक्षा विभाग को मदरसों में ऑनलाइन पढ़ाई के लिए अन्य बोर्ड्स की तर्ज पर तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

पिछले 40 से भी ज्यादा दिनों से लागू लॉकडाउन की वजह से मदरसा छात्रों की पढ़ाई भी ठप पड़ी है। ऐसे में मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि अन्य बोर्ड के छात्रों की तरह मदरसों में भी ऑनलाइन शिक्षा शुरू की जाए।

बता दें कि सरकारी आंकड़ों के मुताबिक उत्तर प्रदेश में रजिस्टर्ड मदरसों की संख्या 28,947 है। इनमें कुल 27,66,684 छात्र पढ़ रहे हैं. वहीं अध्यापकों की संख्या 31 हजार के करीब है।

मदरसे के छात्रों की ऑनलाइन पढ़ाई शुरू करने की कोशिशों पर मुस्लिम मामलों के जानकार हसन रजा इत्तेफाक नहीं रखते हैं। उनका मानना है कि ऑनलाइन पढ़ाई के लिए एंड्रॉयड फोन या फिर लैपटॉप/कंप्यूटर की जरूरत होगी, लेकिन कुछ ऐसे बच्चे हैं जिनके लिए मोबाइल और कंप्यूटर खरीदना संभव नहीं है।

ऐसे में उन्होंने योगी सरकार से छात्रों को मोबाइल, लैपटॉप देने की मांग की है। हालांकि, रजा चाहते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी का मदरसे के छात्रों के एक हाथ में कुरान और एक हाथ में कंप्यूटर का सपना जरूर पूरा हो।

Leave A Reply

Your email address will not be published.