मुंबई से उत्तर प्रदेश पैदल लौट रहे थे मजदूर, घर पहुंचने से पहले ही हो गयी मौत
Abhishek Sharma
मुंबई से उत्तर प्रदेश लौट रहे मजदूरों की मध्य प्रदेश के बड़वानी के सेंधवा में अलग-अलग हादसों में मौत हो गई। ये सभी मजदूर मुंबई से उत्तर प्रदेश जा रहे थे। इन तीन मजदूरों में से दो मजदूर तो पैदल ही मुंबई से अपने घरों के लिए निकल लिए थे। जबकि तीसरा मजदूर ट्रक से यूपी जा रहा था।
पहली घटना में सेंधवा बायपास पर हुई। जहां मुंबई से उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जा रहे 50 साल के मजदूर प्रेम बहादुर की अचानक तबीयत बिगड़ गई। प्रेम बहादुर को सेंधवा सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रेम बहादुर मुंबई में लोहा फैक्ट्री में काम करते थे। दूसरी घटना में मुंबई से यूपी के प्रयागराज जा रहे 55 साल के मजदूर लल्लू राम की बिजासन घाट में अचानक तबीयत खराब हो गई।
एक ट्रक ड्राइवर ने लल्लू राम को सेंधवा के निजी अस्पताल पहुंचाया। लेकिन तब तक वो भी दम तोड़ चुके थे। लल्लू राम मुंबई में मजदूरी करते थे।
तीसरे हादसे में यूपी के फतेहपुर के हरदासपुर के रहने वाले अनीस अली की मौत हुई। अनीस ट्रक के जरिए मुंबई से उत्तर प्रदेश आ रहे थे। रास्ते में ही अनीस की भी तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उसे सेंधवा अस्पताल ले जाया गया. लेकिन काफी देर हो चुकी थी। अनीस की मौत हो चुकी थी।