नोएडा पुलिस के कांस्टेबल ने प्लाज्मा दान कर बचाई बुजुर्ग की जान, हो रही वाह-वाही

ABHISHEK SHARMA

Noida : एक निजी अस्पताल में कोरोनावायरस का उपचार करा रही बुजुर्ग महिला को प्लाज्मा देकर नोएडा पुलिस के एक जवान ने मिसाल कायम की है। अपर पुलिस उपायुक्त (नोडल अधिकारी कोविड-19) अंकुर अग्रवाल ने बताया कि नोएडा के सेक्टर 62 स्थित अस्पताल में कोविड-19 से संक्रमित एक महिला (70) भर्ती हैं।

उपचार के दौरान उनकी हालत काफी नाजुक हो गई। उन्हें प्लाज्मा की जरूरत पड़ी। उन्होंने बताया कि उनके किसी परिचित ने सहायक पुलिस आयुक्त रजनीश वर्मा से प्लाज्मा की व्यवस्था करने के लिए मदद मांगी।

अपर उपायुक्त ने बताया कि एसीपी ने इस बात की सूचना उन्हें दी। उन्होंने बताया कि पुलिस के जवानों को संदेश दिया गया कि जो व्यक्ति कोरोनावायरस से ठीक होकर घर लौटा है तथा उसके 28 दिन पूरे हो गए हैं, अगर उनमें से कोई प्लाज्मा दान करना चाहता है तो वह सूचित करें।

उन्होंने बताया कि थाना सेक्टर 49 में तैनात कांस्टेबल अमित कुमार ने सहर्ष प्लाज्मा दान करने की इच्छा व्यक्त की तथा उन्होंने हॉस्पिटल में जाकर प्लाज्मा दान किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.