15 अगस्त के बाद चल सकती है मेट्रो , केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पूरी ने दिए संकेत
ROHIT SHARMA
नई दिल्ली :– कोरोना महामारी के कारण चार महीने से बंद पड़ी दिल्ली मेट्रो 15 अगस्त के बाद चल सकती है। केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मेट्रो संचालन के संकेत दिए हैं।
कुछ शर्तों के साथ दिल्ली मेट्रो का संचालन शुरू करने के लिए केंद्र सरकार एक मानक संचालन प्रक्रिया लाने की तैयारी में है। इसके तहत फिलहाल कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए मेट्रो में केवल 50 प्रतिशत यात्रियों की अनुमति होगी।
मेट्रो संचालन को लेकर मंत्री हरदीप पुरी ने जानकारी दी कि पहले चरण में केवल आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को ही यात्रा की अनुमति दी जाएगी।
स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मचारी, सरकारी कर्मचारी और अन्य जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों को ही मेट्रो यात्रा की अनुमति होगी। यात्रा के दौरान संक्रमण से बचाव के लिए सख्त नियम बनाए जाएंगे।
बताया जा रहा है कि पूरे देश में एक साथ मेट्रो का संचालन शुरू किया जाएगा। दिल्ली ही नहीं पूरे देश में मेट्रो प्राधिकरण नुकसान हो रहा है। 4 महीने से बंद मेट्रो को करोड़ों का नुकसान हो चुका है। ऐसे में एहतियात बरतते हुए और नियमों का पालन सुनिश्चित करते हुए मेट्रो के संचालन की तैयारी की जा रही है।
मेट्रो बंद होने के कारण लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं ऑफिस जाने वाले लोगों के कारण सड़कों पर भारी जाम लगने लगा है। ऐसे में मेट्रो के संचालन से कई सारी समस्याओं से एक साथ निजात मिल सकेगी। जल्द ही सरकार इस महीने अनलॉक की गाइडलाइन्स जारी करेगी। जिसमें मेट्रो संचालन की सशर्त अनुमति मिलने की उम्मीद है।