नोएडा के सेक्टर 151 में बनेगा दूसरा इस्काॅन मंदिर, यें होंगी खूबियां

Ten News Network

नोएडा के सेक्टर 151 में इस्कॉन का दूसरा मंदिर बनाया जाएगा। जिसका भूमि पूजन 25 दिसंबर को होगा। यह नया मंदिर सेक्टर-151 में नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस वे के पास बनाया जाएगा। मंदिर राधा कृष्ण के पूजा का स्थान होने के साथ ही आध्यात्मिक शिक्षा का केंद्र भी होगा।

यहां पर लोग आध्यात्मिक शिक्षा ले सकेंगे। यहां पर इस्कॉन के किसी भी केंद्र से आने वाले भक्तों के रहने के साथ योग और अन्य सुविधाएं होंगी। हालांकि यह मंदिर सेक्टर-33 स्थित इस्कॉन मंदिर से छोटा होगा। इसका निर्माण वर्ष 2023 तक पूरा होने का दावा किया जा रहा है।

मंदिर समिति के बुद्धिमन्ता दास ने बताया कि एक्सप्रेस-वे के आसपास बहुमंजिला सोसायटियों की संख्या के साथ-साथ आबादी भी लगातार बढ़ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए यहां मंदिर की स्थापना हो रही है, ताकि सोसायटियों के निवासियों को इस्कॉन मंदिर में भगवान के दर्शन के लिए ज्यादा लंबा सफर तय न करना पड़े।

इस्कान मंदिर में राधा कृष्ण, गौरनिताय, जगन्नाथ के साथ सुभद्रा और बलराम के श्री विग्रह स्थापित होंगे। इसमें भूतल के अलावा दो तल होंगे। आर्किटेक्ट और इंजीनियर्स द्वारा मंदिर का माडल तैयार किया जा रहा है। मंदिर का भूमि पूजन सांसद डॉ. महेश शर्मा व विधायक पंकज सिंह करेंगे। यह मंदिर आध्यात्मिक चेतना और वैदिक संस्कार का केंद्र होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.