नोएडा के एडीसीपी रणविजय सिंह ने गिनाईं 2021 की प्राथमिकताएं, जिले में हो रही आत्महत्याओं पर जताई चिंता
Ten News Network
नव वर्ष 2021 की शुरुआत हो चुकी है, वर्ष 2021 लोगों के लिए नई उम्मीद लेकर आया है। 2020 में कोरोना से जूझने के बाद अब भारत में दो वैक्सीन को मंजूरी मिल चुकी है। नव वर्ष 2021 में नोएडा पुलिस की प्राथमिकताओं पर बात करते हुए एडीसीपी रणविजय सिंह ने कहा कि सबसे पहले मैं गौतम बुद्ध नगर वासियों को नव वर्ष 2021 की शुभकामनाएं देना चाहता हूं।
उन्होंने कहा कि हम उम्मीद करते हैं, यह वर्ष कई मायनों में अच्छा होगा। सबसे अच्छी बात यह है कि पिछले वर्ष पूरा विश्व कोरोना वायरस महामारी से लडा है। अब भारत में दो वैक्सीन को मंजूरी मिल चुकी है। जबकि नोएडा में आज से ही कोरोना वैक्सीन का ड्राई रन शुरू हो गया है। सबसे पहले स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन मिलेगी। उसके बाद आम नागरिकों तक वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी।
प्राथमिकताओं के बारे में बताते हुए एडीसीपी रणविजय सिंह ने कहा कि अपराध पर नियंत्रण रखना हमारी प्राथमिकता रही है। इसके लिए हम प्रतिबद्ध है और निरंतर कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि गौतम बुद्ध नगर में कमिश्नरेट प्रणाली को लागू हुए लगभग 1 वर्ष का समय बीत गया है।
इस दौरान कोरोना महामारी एक बड़ी चुनौती के रूप में सामने आई, जिसको लेकर पूरे पुलिस विभाग ने बेहद सराहनीय कार्य किया। इसमें यहां की जनता का भी सहयोग मिला। जब लॉकडाउन खुला तो उसके बाद अपराध की गतिविधियां शुरू हो गई। जहां भी अपराध होने की गुंजाइश थी उस पर पुलिस ने कार्य किया और अपराधियों की धरपकड़ लगातार जारी है।
एडीसीपी रणविजय सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर कार्य कर रहा है। गौतम बुद्ध नगर जिले में कई बड़े गिरोह अपराध की गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे, संगठित अपराध पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी जिस पर काम किया और बदमाशों की कमर तोड़ कर रख दी।
एडीसीपी रणविजय सिंह ने कहा कि गौतम बुद्ध नगर में साइबर क्राइम को रोक पाना बड़ी चुनौती थी, जिस पर साइबर सेल लगातार नई तकनीकों के साथ अपराधिक घटनाओं पर लगाम रखने के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि शहर में भू माफियाओं को लेकर पुलिस एक्शन मोड में है। ऐसे लोगों की सूची बनाकर उनकी संपत्ति कुर्क की जा रही है।
बढते आत्महत्या के मामले बने चिंता का सबब
वहीं उन्होंने विशेष संदेश देते हुए कहा कि गौतम बुद्ध नगर में आत्महत्या के केस काफी बढे हैं, जोकि बेहद चिंतनीय विषय है। उन्होंने लोगों से अपील की, जल्द ही कोरोना से लोगों को निजात मिलेगी और लोगों का जन जीवन पटरी पर लौटेगा। घबराएं नहीं, संयम बनाकर रखें। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति के आत्महत्या करने से कई लोगों का जीवन प्रभावित होता है, इसलिए कभी भी यह कदम न उठाएं। हर दिन एक नया अवसर लेकर आता है।
