नई दिल्ली :– पंजाब में नए कृषि लागू कानून करने को लेकर आम आदमी पार्टी ने पंजाब की कैप्टन अमरिन्दर सिंह की सरकार को जमकर घेरा है। आम आदमी पार्टी की पंजाब इकाई के सह प्रभारी और दिल्ली की राजेंद्र नगर विधानसभा सीट से विधायक राघव चड्ढा ने पंजाब सरकार पर किसानों के साथ गद्दारी करने का आरोप लगाया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर राघव चड्ढा ने कहा है कि कांग्रेस और कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने देश के किसानों के साथ और पंजाब के साथ बहुत बड़ी गद्दारी की है। पंजाब सरकार में मंत्री भारत भूषण आशु ने प्रेस कांफ्रेंस करके कहा कि कैप्टन साहब की सरकार ने तीनों काले कानून लागू कर दिए हैं।
चड्ढा ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन ने विधानसभा का विशेष सत्र बुला कर कहा था कि अब पंजाब में काले कानूनों को कोई लागू नहीं कर सकता। लेकिन कैप्टन ने पंजाब से झूठ बोला, कैमरे के सामने झूठे बयान दिए। यहां तक की दिल्ली आकर भी किसानों से बिना मिले ही वापिस लौट गए।
राघव चड्ढा ने कहा कि दिल्ली के बॉर्डर पर 60 से ज्यादा किसान शहीद हो गए हैं। पंजाब के साथ इस गद्दारी के लिए हम कैप्टन साहब के इस्तीफे की मांग करते हैं। आम आदमी पार्टी अब पंजाब के हर गाँव, शहर और हल्के में जाकर इस मुद्दे को उठाएगी और आंदोलन करेगी।
बता दें कि दिल्ली की केजरीवाल सरकार तीनों कृषि कानूनों का विरोध कर रही है। इतना ही नहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा में बिल की कॉपी फाड़कर यह संदेश दिया कि वह किसान और मजदूरों के साथ खड़े हैं। उनकी लड़ाई को आगे बढ़ाएंगे। सीएम केजरीवाल किसानों से मिलने सिंघू बॉर्डर भी पहुंचे थे। वहीं किसानों के समर्थन में एक ओर जहां आप नेता लगातार बयान दे रहे हैं तो वहीं आप कार्यकर्ता प्रदर्शन भी कर रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर किसानों का आंदोलन आज लगातार 42वें दिन भी जारी रहा। मालूम हो कि किसान और सरकार की बीच होने वाली 9वें दौर की वार्ता 8 जनवरी को प्रस्तावित है। इसके पहले सिंघू बॉर्डर पर मंगलवार को संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक हुई, इसमें कई अहम फैसले लिए गए। इस मीटिंग में ही किसानों ने 7 जनवरी को ट्रैक्टर मार्च निकालने का निर्णय किया इसके साथ ही किसान 9 से 13 जनवरी तक संकल्प दिवस मनाएंगे।