नोएडा में मुस्लिम युवती से शादी करने वाले राधे चौहान की हत्या, बोटैनिकल गार्डन के पास मिला शव

Ten News Network

सेक्टर-39 थाना क्षेत्र स्थित बॉटेनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन के पास सार्वजनिक शौचालय में युवक का शव मिला है। युवक की हत्या चाकू से गला रेतकर की गई है। बताया जा रहा है कि युवक ने करीब छह महीने पहले ही मुस्लिम युवती से प्रेम विवाह किया था। सार्वजनिक शौचालय में शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

डीसीपी राजेश एस ने बताया कि थाना सेक्टर-39 पुलिस सूचना मिली थी कि एक युवक का शव बॉटेनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन के पास सार्वजनिक शौचालय में पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि युवक के गले पर चाकू के निशान हैं। युवक का शव पूरी तरह लहूलुहान था।

पुलिस को उसकी जेब और शौचालय से दो अलग-अलग चाकू मिले हैं। जांच के दौरान युवक की पहचान सेक्टर-55 झुग्गी निवासी 27 वर्षीय राधे चौहान के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारम्भिक जांच में पता चला कि युवक की गला रेतकर हत्या की गई है। हालांकि मौत का सही कारण पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

पुलिस से जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि राधे ने करीब छह महीने पहले ही शहनाज नाम की मुस्लिम युवती से प्रेम विवाह किया था। हालांकि पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों सहमति से ही साथ रहते थे। उनके पास शादी से जुड़े कोई दस्तावेज नहीं मिले हैं। पुलिस हर पहलू पर मामले की जांच कर रही है।

परिजनों ने बताया कि उसने पहले भी खुद को आग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। वह करीब दो महीने से घर से बाहर था। फुटपाथ पर ही सोता था। उसके परिजन फिलहाल बादलपुर में रह रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.