नई दिल्ली :– महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर देश मे शांति और सद्भाव के लिए आज भारतीय युवा कांग्रेस ने अहिंसा मार्च निकाला। युवा कांग्रेस ने देश के नागरिकों से महात्मा गांधी के विचारों पर चलने का आव्हान किया।
भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. के नेतृत्व में दिल्ली के अंदर अहिंसा मार्च में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की हत्यारी विचारधारा वाले लोग आज सत्ता में हैं, जिनसे देश को सावधान रहना है।
उन्होंने कहा कि देश मे नफरत और ध्रुवीकरण की राजनीति को रोकने के लिए शांति और सद्भभाव जरूरी है जो सिर्फ महात्मा गांधी जी के बताए मार्ग पर चलकर ही संभव है। उन्होंने देश के नागरिकों से आव्हान करते हुए कहा कि भाजपा और आरएसएस से देश को सावधान रहना है, युवाओं को राष्ट्रपिता को पढ़ना होगा उन्हें समझना होगा।
श्रीनिवास बी.वी. ने कहा कि गांधी के देश को भाजपा-आरएसएस की षड्यंत्रकारी नीतियों से बचाना देश के प्रत्येक नागरिक का कर्त्तव्य है। उन्होंने कहा कि गांधी के देश मे गोडसे की विचारधारा नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि देश के किसानों के खिलाफ सरकार का रवैया गांधीवादी विचारधारा के खिलाफ है।
भारतीय युवा कांग्रेस के प्रभारी और कांग्रेस के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव कृष्णा अल्लावारु ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी के विचार देश की एकता और अखंडता को बनाये रखते हैं। गांधी जी के अहिंसा के मार्ग पर चलकर ही राष्ट्र का विकास संभव है। उन्होंने कहा कि आरएसएस गांधी के विचारों की सबसे बड़ी दुश्मन हैं। उन्होंने कहा कि देश की एकता और भाईचारे को बचाने के लिए महात्मा गाँधी के बताये रास्ते पर चलना होगा। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस महात्मा गांधी के हत्यारों के महिमामंडन करने वालो के खिलाफ संघर्ष करती रहेगी।
राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी राहुल राव ने कहा कि पीएम मोदी और उनकी सरकार महात्मा गांधी जी के विचारों और सिद्धांतों को कुचलने का काम रही है। उन्होंने कहा कि आरएसएस से जुड़े लोग आए दिन गांधी के हत्यारे का महिमामंडन करते हैं जो खतरनाक है। उन्होंने कहा कि देश मे अब मोदी सरकार बेनकाब हो चुकी है, देश का युवा गांधीवादी विचारों पर चलकर भाजपा को भगाने का काम करेगा।

