ग्रेटर नोएडा में जीप लूटकर भाग रहे बदमाशों का हुआ एक्सीडेंट, एक बदमाश गिरफ्तार
Ten News Network
ग्रेटर नोएडा के बिसरख कोतवाली इलाके में पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। दोनों बदमाश लूटी हुई गाड़ी में सवार थे। पुलिस ने जब बदमाशों को रोकने की कोशिश की तो उनकी गाड़ी एक बाइक से टकरा गई।
हादसे में बदमाश घायल भी हुआ है। बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों बदमाश गाजियाबाद के सिहानी गेट थाना इलाके से जीप लूटकर भागे थे। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से गाड़ी और तमंचा बरामद किया है।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा हरीश चंद्र ने बताया कि बिसरख कोतवाली पुलिस ग्रेटर नोएडा वेस्ट के एक मूर्ति चौराहा पर चेकिंग कर रही थी। पुलिस ने एक जीप को रोकने की कोशिश की तो उसका एक्सिडेंट हो गया। जीप में सवार दो युवक जल्दबाजी में उतरकर भागने लगे, जिससे गाड़ी का पहिया एक बदमाश के पैर पर चढ़ गया और वह घायल हो गया. इस बीच दूसरा फरार हो गया।
पुलिस ने घायल बदमाश को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश की पहचान निखिल उर्फ सोनू निवासी मेरठ के रूप में हुई है। जांच करने पर पता चला कि बदमाश सिहानी गेट थाना क्षेत्र से जीप लूटकर भाग रहे थे।
इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई थी। इसके बाद पुलिस अलर्ट हो गई थी। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस गिरफ्तार बदमाश का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।