आम्रपाली ग्रुप के फ्लैट खरीदारों के लिए खुशखबरी, एनबीसीसी जल्द बेचना शुरू करेगा फ्लैट

Ten News Network

आम्रपाली ग्रुप के होमबायर्स के लिए एक अच्छी खबर है। आम्रपाली के नोएडा और ग्रेटर नोएडा में स्थित सबसे बड़े प्रोजेक्ट में घर खरीदने वालों का सपना अब पूरा हो सकेगा। आम्रपाल ग्रुप की अधूरी परियोजनाओं को पूरा कराने का जिम्मा संभाल रही नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन जल्द ही फ्लैट को बेचना शुरू करेगी।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में स्थित आम्रपाली की कुल परियोजनाओं में 52 यूनिट (46 रेजिडेंशियल और छह कमर्शियल) बिक्री के लिए तैयार है।

बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सरकार द्वारा संचालित कंस्ट्रक्शन कंपनी एनबीसीसी आम्रपाली के अधूरे प्रोजेक्ट्रस को पूरा करने का जिम्मा संभाल रही है। सूत्रों ने कहा कि एनबीसीसी द्वारा आम्रपाली के पेंडिंग कार्यों को लगभग पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं की बिक्री से लगभग 56 करोड़ रुपए की वसूली होने की उम्मीद है।

रेजिडेंशियल यूनिट्स में पांच विला और 27 पेंटहाउस शामिल हैं, जिनकी कीमत लगभग 64 लाख रुपए से लेकर 2.04 करोड़ रुपए तक है। जबकि छह कमर्शियल यूनिट्स भी बिक्री के लिए तैयार हैं। सूत्रों ने कहा कि इसके लिए आवेदन 10 मार्च तक खुले हैं और बुकिंग राशि 5 लाख रुपए है।

बता दें कि इन हाउसिंग प्रोजेक्ट के अधर में लटकने से करीब 40,000 घर खरीदारों को आठ साल बाद भी घर नहीं मिला है, जिसे लेकर काफी विवाद हुआ था। आम्रपाली ग्रुप पर आरोप है कि उसने फ्लैट देने के नाम पर लोगों द्वारा निवेश की गई धनराशि की हेराफेरी की है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद एनबीसीसी ने यहां की अधूरी परियोजनाओं को पूरा कराने के लिए टेंडर जारी किए थे।

कई होमबॉयर्स ने सुप्रीम कोर्ट में अपने घरों को सौंपने में देरी की शिकायत की थी। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में हस्तक्षेत किया और आदेश दिया कि पहली बार अदालत की निगरानी में नीलामी होगी, जिसके बाद एनबीसीसी से 2023 के आखिर तक 38,159 लोगों को उनका घर मिल जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.