नोएडा प्राधिकरण की नई पहल , सेक्टर 18 में बनने जा रहा है ओपन एम्पीथिएटर , मार्च में होगा शुरू
Ten News Network
नोएडा :– नोएडा प्राधिकरण हमेशा से सेक्टर-18 के बाजार को दिल्ली के कनॉट प्लेस की तरह डेवलप कराने के लिए प्लान बनाता रहा है। इसके लिए नोएडा प्राधिकरण समय-समय पर इस बाज़ार में कुछ न कुछ काम भी करवाता है।
फिलहाल इस कड़ी में नोएडा प्राधिकरण बड़ा इंटरटेनमेंट पॉइंट बनवा रहा है , इसे ओपन एम्पीथिएटर नाम दिया गया है. मार्च में इस एम्पीथिएटर के शुरु होने की उम्मीद है।
प्राधिकरण के प्लान के मुताबिक, मार्च से सेक्टर-18 के इस इंटरटेनमेंट पॉइंट पर खाने-पीने, शॉपिंग, और घूमने के अलावा अब यहां आने वाले लोग गीत-संगीत, डांस और लोकल कल्चर का मजा भी ले सकेंगे।
नोएडा अथॉरिटी के मुताबिक सेक्टर-18 में बन रहे इस ओपन एम्पीथिएटर की लागत करीब एक करोड़ रुपये है. अभी तक इस थिएटर का करीब 40 फीसद काम पूरा हो चुका है, लेकिन काम की स्पीड को देखते हुए अधिकारियों को उम्मीद है कि इस साल 31 मार्च तक यह बनकर तैयार हो जाएगा।
यह एक रिकॉर्ड होगा कि थोड़े से वक्त में यह एम्पीथिएटर बनकर तैयार होगा. इस थिएटर को बनाने का एक मकसद सेक्टर-18 के बाज़ार को नया लुक देना है। इस एम्पीथिएटर में एक साथ 175 लोग बैठकर कार्यक्रम का मजा ले सकते हैं. थिएटर में नाटक, वाद-विवाद प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ क्षेत्रीय लोक कलाओं का लुत्फ भी ले सकेंगे।
इसके साथ ही अगर कोई निजी कार्यक्रम के लिए किराए पर लेना चाहे तो इसकी भी सुविधा दी जाएगी. थिएटर को आकर्षक बनाने के लिए बेहतरीन क्वालिटी का साउंड सिस्टम लगाया गया है।
वही इस मामले में नोएडा अथॉरिटी की सीईओ रितु माहेश्वरी का कहना है कि हम चाहते हैं कि यह बाज़ार इस तर्ज पर तैयार हो जाए कि दूसरे शहरों से भी आने वाले लोग और पर्यटक इस बाज़ार की खूबसूरती को अपनी यादों में सजाकर ले जाएं। साथ ही उन्होंने कहा है कि मार्च में इस एम्पीथिएटर के शुरु होने की उम्मीद है।