नई दिल्ली :– दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर में कोरोना वायरस संक्रमण तेजी से लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि पूर्व दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी को पिछले दो-तीन दिन से हल्का बुखार आ रहा था। लक्षण महसूस होने पर उन्होंने कोरोना वायरस संक्रमण की जांच कराई। उसमें वह संक्रमित पाए गए। इसके बाद उन्होंने डॉक्टर की सलाह पर खुद को घर में आइसोलेट कर लिया है।
उधर, मनोज तिवारी ने रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर एक ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने पिछले तीन दिन में संपर्क में आने वाले लोगों से जांच कराने का आग्रह किया है। इस ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए लोगों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
मनोज तिवारी ने ट्वीट किया है- ‘मैंने पिछले 2-3 दिन से हल्का बुखार महसूस किया तो आज टेस्ट कराया। मेरी #कोविड-19 की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। पिछले 2-3 दिनों में जो भी हमसे सम्पर्क में आये हैं वो अपना टेस्ट करा लें..मैं डॉक्टर के सम्पर्क में रहते हुए होम आइसोलेशन में हूं।’
उधर, कोरोना वायरस संक्रमण से पीड़ित आम आदमी पार्टी के नेता और ग्रेटर कैलाश से विधायक सौरभ भारद्वाज ने केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार से अपील की है कि वे दिल्ली को ऑक्सीजन दे दें। एक अस्पताल में इलाज करा रहे ऑक्सीजन मास्क लगाए बेड पर लेटे धीमी आवाज में बोलने का उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह कह रहे हैं कि ऑक्सीजन ना मिलने से दिल्ली में लोग मर रहे हैं। जहां वह भर्ती हैं वहां भी तीन घंटे की आक्सीजन बची है। इस वीडियो को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी रीट्वीट किया है।