नई दिल्ली :- कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए कनाडा ने भारत और पाकिस्तान से आने वाली सभी उड़ानों को 30 दिनों के लिए निलंबित कर दिया है। परिवहन मंत्री उमर अल्गबरा ने घोषणा की कि इन देशों से आने वाले यात्रियों में कोविड -19 के मामले पाए जा रहे हैं।
मंत्री ने एक कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, “भारत और पाकिस्तान से कनाडा पहुंचने वाले हवाई यात्रियों में कोविड -19 के मामलों की अधिक संख्या को देखते हुए मैं 30 दिनों के लिए भारत और पाकिस्तान से कनाडा आने वाली सभी कमर्शियल और निजी यात्री उड़ानों को निलंबित कर रहा हूं।”
मंत्री ने यह भी बताया कि विशेष रूप से टीके, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण और अन्य आवश्यक सामानों की निरंतर शिपमेंट सुनिश्चित करने के लिए यह प्रतिबंध कार्गो फ्लाइट्स पर लागू नहीं होगा। स्वास्थ्य मंत्री पैटी हज्दू ने कहा कि कुल मिलाकर कनाडा में केवल 1.8 प्रतिशत यात्री कोरोनावायरस से संक्रमित पाए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हाल ही में कनाडा में 20 प्रतिशत उड़ाने भारत से आईं, जिनमें बॉर्डर पर आधे से ज्यादा कोरोना संक्रमित लोग पाए गए। उन्होंने यह भी कहा कि इसी तरह पाकिस्तान की उड़ानों से भी अधिकतर मामले सामने आए है।