योगी सरकार का बड़ा फैसला, अगले 15 दिनों तक यूपी की बसें प्रदेश से नहीं जाएंगी बाहर, जाने क्या है पूरा मामला

Ten News Network

उत्तर प्रदेश में लगातार कोरोना के मामलों में तेजी बनी हुई है जिसके चलते उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ऑक्सीजन सिलेंडर और आईसीयू बेड की लगातार कमी देखी जा रही है । प्रदेश में कोरोना संकट को कम करने के लिए प्रशासन की तरफ से प्रयास तो किए जा रहे हैं, लेकिन उसका कोई खासा असर होता हुआ नजर नहीं आ रहा है।

कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सरकार ने फैसला किया है कि अगले 15 दिनों तक राज्य सड़क परिवहन निगम की बसें राज्य की सीमा से बाहर नहीं जाएंगी। रविवार को जारी सरकारी बयान के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबंधित अधिकारियों को ये व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।

प्रदेश के अंदर होगा बसों का संचालन

एक उच्चस्तरीय बैठक के दौरान कोविड-19 प्रबंधन की समीक्षा करते हुए सीएम योगी ने निर्देश दिया है कि आने वाले 15 दिनों तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों का संचालन केवल प्रदेश के अंदर ही किया जाए। उन्होंने कहा कि विमान सेवा से प्रदेश में आने वाले लोगों के लिए कोविड-19 की निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य की जाए।

साथ ही उन्होंने कहा कि ये भी सुनिश्चित किया जाए कि विमान सेवा के माध्यम से प्रदेश से जाने वाले लोग भी निगेटिव रिपोर्ट आने पर ही जाएं और रेल से आने वाले यात्रियों की पूरी सूची प्राप्त की जाए, साथ ही, उनकी स्क्रीनिंग भी की जाए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.