नई दिल्ली :– आज पुरे विश्व में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। आपको बता दें कि भाजपा के सभी शीर्ष नेता आज देश के किसी न किसी हिस्से में योग दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए है, यह कार्यक्रम दिल्ली से लेकर सभी राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों में आयोजित किए गए है।
दिल्ली में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता, संगठन मंत्री सिद्धार्थन, केन्द्रीय टीम के महासचिव अरुण सिंह और दुष्यंत गौतम ने दिल्ली भाजपा प्रदेश कार्यालय पर आयोजित योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
साथ ही डॉ. हर्षवर्धन कश्मीरी गेट में, मनोज तिवारी वजीराबाद में, मीनाक्षी लेखी महादेव रोड पर, रमेश बिधूड़ी तुगलकाबाद में, प्रवेश वर्मा राजा गार्डन में और भूपेन्द्र यादव ने पंडारा पार्क में आयोजित योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

खासबात यह है कि योग दिवस पर ही पूरे देश में 18 वर्ष से ऊपर की आयु के सभी लोगों को कोरोना वैक्सीन मुफ्त देने का अभियान भी शुरू किया जा रहा है, भाजपा नेता इस अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने की अपील भी कर रहे है।
बीजेपी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि विश्व योग दिवस पर उनकी पार्टी सबको अपने साथ जोड़ने की भावना में विश्वास रखती है। योग दिवस का भी एक कार्यक्रम होता है जब वह सभी लोगों को साथ जोड़ने की कोशिश करती है। इस दिवस पर समाज के सभी लोगों को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाता है, जिससे वे निरोगी रहकर अपने परिवार और राष्ट्र की जिम्मेदारियों को ज्यादा बेहतर ढंग से निभा सकें।
उन्होंने कहा कि आज के दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर देश के सभी नागरिकों को मुफ्त वैक्सीन लगाने का अभियान भी शुरू किया जा रहा है। केंद्र सरकार और उनकी पार्टी की कोशिश होगी कि जल्द से जल्द देश के एक-एक व्यक्ति को कोरोना की वैक्सीन लगाई जा सके, इससे देश को इस महामारी के प्रकोप से बचाया जा सके।
बीजेपी दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि आज विश्व योग दिवस है, हमारे देश के प्रधानमंत्री ने योग दिवस को लेकर भारत की अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई है, योग हमारे देश की संस्कृति है, जो आज विश्व मे पहचानी जा रही है। योगा से हमारे देश की जनता बिना रोग के रहेगी, कोरोना को हराने में योग का बहुत ही महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
