बिजली की किल्लत को लेकर नेफोवा ने किया एनपीसीएल ऑफिस का घेराव, पढें पूरी खबर

Ten News Network

ग्रेटर नोएडा :– ग्रेनो वेस्ट में एनपीसीएल की तरफ से बार बार असहनीय बिजली कटौती से परेशान होकर नेफोवा सदस्यों और ग्रेनो वेस्ट सोसाइटियों के निवासियों ने ग्रेटर नोएडा स्थित एनपीसीएल ऑफिस का घेराव किया।
नेफोवा अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि गौतमबुद्ध नगर सरकारी कागजों में “नो कट जोन” घोषित है, लेकिन यहाँ की बिजली आपूर्ति की हालत देख कर कुछ और ही लगता है। अगर एनपीसीएल के वितरण क्षेत्र ग्रेटर नोएडा वेस्ट की बात करें तो पिछले कई दिनों से ग्रेनो वेस्ट के सोसाइटियों में बिजली आपूर्ति की स्थिति बहुत ही ख़राब है।
दोपहर और रात में बिजली तो मानो आँख मिचौली खेलती है। लाइट जितनी आती नहीं उससे ज्यादा कटी रहती है। बच्चों के ऑनलाइन क्लास और लोगों के वर्क फ्रॉम होम ऑफिस का कार्य चलता रहता है। ऐसे में बार बार बिजली जाने से ना तो ढंग से क्लास हो पाती है और न ही ऑफीस का काम या मीटिंग हो सकती है। गर्मी इतनी प्रचण्ड है कि बिना एसी के काम नहीं चलता , जबकि बैकअप पर एसी ना चलने से नींद भी नहीं आती।
नेफोवा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपांकर कुमार एवँ सुमिल जलोटा ने बताया कि बिजली आपूर्ति की स्थिति ग्रेनो वेस्ट के लगभग सभी सोसाइटियों में एक जैसा ही है। नो कट जोन होने के बावजूद गर्मियों में कई कई घण्टो के अघोषित बिजली कटौती से निवासियों का जीना हराम है।
सोसाइटी के पावर बैकअप का दाम भी बिजली आपूर्ति के मुकाबले 3 गुना है। ऐसे में बैकअप सर्विस का इस्तेमाल भी सोच कर ही करना पड़ता है। नेफोवा की महासचिव श्वेता भारती ने बताया एनपीसीएल के ऑफिस का घेराव शांतिपूर्ण रहा। घेराव के दौरान एनपीसीएल के अधिकारियों ने नेफोवा को वार्ता के लिए बुलाया।
वही इस मामले में एनपीसीएल के (वाईस प्रेसिडेंट ऑपरेशन) गांगुली ने बताया कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बिजली की जितनी डिमांड है उतनी दी जा रही है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 25 किलोमीटर दूर से लाइन आ रही है ,जिससे 10 से 15 मिनट का बिजली कट होता है , लेकिन ऐसा नही है कि बिजली बहुत देर तक जाए।
साथ ही उन्होंने कहा कि अगर कोई फाल्ट होता है तो उसे भी 30 मिनट में ठीक कर दिया जाता है। एनपीसीएल ने बताया कि 2 नए सब स्टेशन बनने है और नोएडा सेक्टर-123 से 100 मेगा वाट बिजली एनपीसीएल को मिलना है , जिससे ग्रेनो वेस्ट की समस्या दूर होगी, वो समस्या भी अब 4 महीने में खत्म में हो जाएगी।
ग्रेनो वेस्ट की हाई राइज सोसाइटी के निवासियों ने एनपीसीएल पर कुछ गंभीर आरोप भी लगाए कि उन्होंने बिल्डर को जितना लोड दे रखा है,  बिल्डर उससे कहीं ज्यादा आगे फ्लैट में बिजली वितरित किया हुआ है। वही इस मामले में एनपीसीएल के वरिष्ठ अधिकारी गांगुली ने कहा कि यह आरोप गलत है। बिजली विभाग की तरफ से हर प्रयास किया जाता है कि ग्रेटर नोएडा के निवासियों को 24 घण्टे बिजली मिले।
Leave A Reply

Your email address will not be published.