ग्रेटर नोएडा में बनेंगी 4 नयी हाउसिंग सोसाइटी, प्राधिकरण ने लांच की योजना

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में बिल्डर प्रोजेक्ट में अपना आशियाना बनाने का एक और मौका प्राधिकरण ने दिया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बिल्डर प्लॉट स्कीम लांच कर दी है। इस स्कीम में चार प्लाॅट शामिल किए गए हैं। इन चारों प्लाॅटों के आवंटन से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को करीब 400 करोड़ रुपये की आमदनी होगी। उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशों पर अफॉर्डेबल हाउसिंग को बढ़ावा देने के लिए इस योजना में शामिल हर भूखंड पर ईडब्ल्यूएस व एलआईजी फ्लैट बनाने का भी प्रावधान किया गया है।

बीते ती-चार वर्षों में ग्रेटर नोएडा में औद्योगिक निवेश तेजी से बढ़ा है। इससे रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं, जिससे बसावट में भी तेजी से इजाफा हुआ है। ग्रेटर नोएडा में फ्लैटों की भी मांग बढ़ी है। खरीदार नई परियोजनाओं में निवेश की इच्छा जताने लगे हैं। इसे देखते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण के निर्देश पर बिल्डर सेल ने प्लॉट स्कीम लांच कर दी है। इस स्कीम के जरिए तीन सेक्टरों में चार भूखंड आवंटित करने की योजना है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण इन चार भूखंडों के जरिए 1.21 लाख वर्ग मीटर जमीन आवंटित कर सकेगा। इससे प्राधिकरण को कुल करीब 400 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त होगी। पूर्व में बिल्डर परियोजनाओं में आई दिक्कतों से सीख लेते हुए इस बार प्राधिकरण की पूरी कोशिश रहेगी कि उन बिल्डरों को ही ये प्लॉट मिलें जो खरीदारों को तय समय पर बनाकर फ्लैट दे सकें। साथ ही प्राधिकरण की आवंटन धनराशि का भी समय से भुगतान कर सकें।

बिल्डर सेल के प्रभारी ओएसडी संतोष कुमार ने बताया कि बिल्डर इस स्कीम का आवेदन पत्र आज (18 अक्तूबर) से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की वेबसाइट www.greaternoidaauthority.in और एसबीआई के वेब पोर्टल https://etender.sbi से डाउनलोड कर सकते हैं। 8 नवंबर को डाउनलोड करने की आखिरी तिथि होगी। डॉक्यूमेंट जमा करने की आखिरी तिथि 12 नवंबर और ई ऑक्शन 22 नवंबर को होगा। आवंटन होते ही इन भूखंडॊं पर शीघ्र ही पजेशन भी मिल जाएगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण का कहना है कि फ्लैट खरीदारों की मांग को देखते हुए प्राधिकरण ने यह स्कीम लांच करने का निर्णय लिया गया। प्रदेश सरकार की गाइडलाइंस के अनुसार हर प्लॉट में बिल्डर को अफॉर्डेबल हाउसिंग के अंतर्गत ईडब्ल्यूएस और एलआईजी फ्लैटों का भी निर्माण करना होगा, ताकि एनसीआर में जो लोग अब तक घर नहीं ले सके हैं, वे इस बिल्डर स्कीम के जरिए अपने लिए आशियाना प्राप्त कर सकें।

ये हैं चार बिल्डर प्लाॅट:

सेक्टर / प्लॉट / नंबर / एरिया

जीटा वन / जीएच 12बी / 23,500
ईटा टू / जीएच वनए / 28,265
सिग्मा थ्री / प्लॉट नं-207 / 39,321
सिग्मा थ्री / प्लॉट नं.-151 / 30,000

नोट-प्लाॅट एरिया वर्ग मीटर में है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.