नोएडा : दीपावली पर पटाखे छोड़ने को लेकर दो पक्षों में चली गोलिया, 1 को लगी गोली
Ten News Network
नोएडा :– नोएडा में दीपावली पर पटाखे छोड़ने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर गोली चला दी, गोली लगने से एक युवक घायल हो गया है, घायल को नजदीक अस्पताल में भर्ती कराया है।
आपको बता दें कि नोएडा में फेस-3 कोतवाली एरिया के सेक्टर-121 स्थित गढ़ी चौखंड़ी में दिवाली पर पटाखे छोड़ने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर गोली चला दी।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। वहीं, गोली चलाने वाले शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसकी पिस्टल जब्त कर ली है। जानकारी के अनुसार, ग्रीन पार्क कॉलोनी गढ़ी चौखंडी निवासी राजवीर परचून की दुकान चलाते है। बताया गया है कि दिवाली के त्योहार पर पास में ही रहने वाले सुनील और गोपाल से दुकान के सामने पटाखा छोड़ने को लेकर विवाद हो गया। विवाद के चलते दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।
फेस—3 कोतवाली प्रभारी विवेक त्रिवेदी ने बताया कि मारपीट के दौरान ये पास में ही स्थित राजकुमार के ऑफिस में घुस गए। उन्होंने वहां लड़ाई करने से इंकार किया तो उसी समय इन्होंने राजकुमार के पिता श्रीप्रसाद पर हमला कर दिया। जिससे उन्हें चोटें आई है।
उन्होंने बताया कि राजकुमार ने अपनी लाईसेंसी पिस्टल से गोली चला दी। गोली राजवीर के रिलेटिव विनीत को जा लगी। विनीत दिवाली मनाने के लिए उनके पास आया हुआ था। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। विनीत को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
कोतवाली प्रभारी का कहना है कि मामले की एफआईआर दर्ज कर राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उसकी पिस्टल भी जब्त कर ली है। उनका कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।