इस साल भी नहीं शुरू हो सकी बड़ी परियोजनाएं
ग्रेटर नोएडा।ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी की कई बड़ी परियाजनाओं पर इस साल भी कोई काम नहीं हो सका। हालांकि प्राधिकरण ने परियोजनाओं को शुरू करने के लिए कई दौर की मीटिंग जरूर की है, लेकिन जहां पिछले वर्ष परियोजनाओं की प्रगति थी, उससे थोड़ा ही आगे खिसकाया जा सका।
गौरतलब है कि ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण द्वारा कई बड़ी परियोजनाओं का प्रपोजल तैयार है और उस पर काम भी चल रहा है। कुछ परियोजनाएं तो पिछले कई सालों से कागजों में चल रही हैं, लेकिन अभी तक उन परियोजनाओं पर कोई प्रगति नहीं हो सकी है। मीटिंग और दौरे में भले ही लाखों रूपए खर्च हो चुके हैं, लेकिन इन परियोजनाओं पर काम शुरू नहीं हो सका है। जबकि इन परियोजनाओं को साल 2014 में शुरू करने की पूरी तैयारी थी।
नाइट सफाई परियोजना
समाजवादी पार्टी की सरकार की यह परियोजना सबसे महत्वपूर्ण मानी जाती है। इस परियोजना को साल 2005 में प्रपोज किया गया था। लेकिन उसके बाद सरकार बदल गई और पांच साल तक कोई काम नहीं हो सका। साल 2012 में जब दुबारा प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनी तो परियोजना में तेजी लाने की कवायद शुरू हुई। कई दौर की मीटिंग और सिंगापुर तक की यात्रा अफसरों ने की। लेकिन अभी तक इस परियोजना पर काम शुरू नहीं हो सका है। जबकि इस परियोजना पर काम साल 2014 में ही शुरू करने की येाजना थी। अब माना जा रहा है कि इस परियोजना पर काम अगले साल शुरू हो सकेगा।
ग्रेटर नोएडा मेट्रो परियोजना
ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण नोएडा से अनुबंध करके इस परियोजना को बोड़ाकी तक लाना चाहता है। इसके लिए कागजी कार्रवाई लगभग पूरी हो चुकी है। मेट्रो स्टेशन भी फाइनल हो चुके हैं। इसके निर्माण के लिए एजेंसी का चयन भी हो चुका है। लेकिन काम अभी तक शुरू नहीं हो सका। मेट्रो को ग्रेटर नोएडा का लाइफ लाइन माना जा रहा है और कहा जा रहा है कि इस प्रोजेक्ट को पूरा होने के बाद यहां पर आबादी में बढ़ोत्तरी होगी और तेजी से विकास कार्य शुरू हो सकेगा।
डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर
यह प्रोजेक्ट केन्द्र सरकार की है। जिसमें रेल लाइन बिछाई जानी है और माल ढुलाई का काम किया जाएगा। लेकिन इस प्रोजेक्ट को शुरू करने के लिए अथॉरिटी, प्रशासन और शासन की भूमिका प्रमुख मानी जा रही है। इस प्रोजेक्ट को शुरू करने से पहले जमीन का अधिग्रहण किया जाना है, लेकिन अभी तक जमीन का अधिग्रहण पूरा नहीं हो सका है। जिले में 17 गांवों का अधिग्रहण होगा। लेकिन अभी भी कुछ गांव की जमीन नहीं ली जा सकी है। किसान बढ़ा मुआवजे की मांग कर रहे हैं, जिस पर अभी तक बात नहीं बनी है। इस प्रोजेक्ट को भी इस साल ही शुरू करने की कवायद थी।
हैलीपैड प्रोजेक्ट
ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी शहर में विदेशी पर्यटन को बढावा देने के उद्देश्य से नॉलेज पार्क में तीन हैलीपैड बनाने की प्लानिंग की है। इसके लिए एक जमीन भी चिन्हित कर ली गई थी। लेकिन बाद में पता चला कि हैलीपैड उस स्थान पर नहीं बनाया जाएगा। इससे इस प्रोजेक्ट पर ग्रहण लग गया है। जबकि प्राधिकरण के चेयरमैन रमा रमन ने यहां पर हैलीपैड बनाने की घोषणा कर दी थी।
Comments are closed.