नई दिल्ली :– आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने आज एक बार फिर बीजेपी शासित एमसीडी के खिलाफ गम्भीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि एमसीडी ने एक फ्लाईओवर में बहुत बड़ा घोटाला किया है।
सौरभ भारद्वाज ने आज प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि बीजेपी शासित एमसीडी ने रानीझाँसी फ्लाईओवर में बहुत बड़ा घोटाला किया है। ये फ्लाईओवर 175 करोड़ रुपये में बनना था , लेकिन इसे 724 करोड़ रुपये में बनाया। साथ ही उन्होंने कहा कि ये फ्लाईओवर 2 साल के अंदर बनना था , लेकिन उस फ्लाईओवर को बनाने के लिए 23 साल लग गए।
साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा ने 175 करोड़ के फ्लाईओवर में 724 करोड रुपए लगाकर पूरे 546 करोड़ का घोटाला किया है। 2018 में जब इस मामले की ऑडिट रिपोर्ट को स्टैंडिंग कमेटी के सामने रखा गया तो उस वक्त नॉर्थ एमसीडी के कमिश्नर को कहा गया था कि आप इसके ऊपर रिपोर्ट दें, इस पर क्या कार्रवाई की गई है?
किस अधिकारी को लेकर क्या कदम उठाया गया? भ्रष्टाचार के मामले में क्या मुकदमा दर्ज किया गया? मार्च 2021 चल रहा है। नॉर्थ एमसीडी के कमिश्नर ने अभी तक इस पर कोई रिपोर्ट नहीं दी है।
सौरभ भारद्वाज ने मांग करते हुए कहा कि नॉर्थ एमसीडी के कमिश्नर जल्द से जल्द इसकी रिपोर्ट निकालें और बताएं कि इस भ्रष्टाचार के लिए कौन-कौन से अफसर और भाजपा के नेता ज़िम्मेदार हैं?