प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के प्रमुख नेता शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिए हम आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन करने को तैयार हैं।
शिवपाल सिंह यादव ने यह भी कहा कि हम गठबंधन के लिए राज्य की अन्य छोटी राजनीतिक पार्टियों के भी संपर्क में हैं। शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि हम सिर्फ राज्य से बीजेपी को खत्म करना चाहते हैं, यही हमारा मकसद है।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य के सभी जिलों में हमने अपनी पार्टी को मजबूत किया है, जो लोग किसानों के विरुद्ध काला कानून लेकर आए हैं ,उन्हें इस चुनाव में जीतने का कोई मौका नहीं दिया जाएगा।
शिवपाल सिंह यादव ने किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए कहा कि हम किसानों के साथ हैं और अगर जरूरत पड़ी तो हम जेल भरो आंदोलन शुरू करेंगे नए कृषि कानून केवल कॉर्पोरेट घरानों के लाभ के लिए बनाए गए हैं।
शिवपाल सिंह यादव का कहना है कि केंद्र सरकार द्वारा लिए गए सभी निर्णय जनता और राष्ट्र के हित में नहीं रहे है , फिर चाहे वह जीएसटी हो , कोरोना महामारी के दौरान लॉकडाउन जैसा बेतुका फैसला केंद्र की मोदी सरकार द्वारा लिए गए सभी फैसलों में कुछ ना कुछ दिक्कत हुई है। लॉकडाउन में हमने देशभर के मजदूरों के साथ जो परेशानियां देखी वह मोदी सरकार की नाकामियां दिखाती हैं।
शिवपाल सिंह यादव यहीं नहीं रुके उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी ने जो भी वादे किए वह पूरे नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के मंत्री और नौकरशाह उनका ही अनुसरण करते हैं और खुलेआम झूठ बोलते हैं। मोदी सरकार द्वारा किसानों की आय को दोगुना करने की बात कही गई थी , किंतु आज किसानों की आय और कम होती दिख रही है।
उन्होंने इन सभी बातों के साथ-साथ एक प्रश्न भी खड़ा किया कि यदि देशभर के किसान नहीं चाहते कि यह तीन कृषि कानून लागू हो तो केंद्र की सरकार क्यों इन्हें लागू करने के लिए तुली हुई है।