नोएडा : जनवरी से मुफ्त में नहीं उठेगा कूड़ा, लोगों को देना होगा चार्ज
ROHIT SHARMA / ABHISHEK SHARMA
नोएडा शहर में निशुल्क कूड़ा उठा रही अथॉरिटी की डोर टु डोर कूड़ा कलेक्शन एजेंसी जनवरी से आपसे कूड़ा उठाने का यूजर चार्ज लेगी। रेजिडेंशल एरिया में यह चार्ज 25 रुपये से लेकर 150 रुपये तक होगा।
हालांकि इससे लोगों की जेब पर कुछ खास भार नहीं पड़ेगा। दरअसल, इससे पहले कई सेक्टरों में जो वेंडर घरों से कूड़ा उठा रहे थे, वे 300 रुपये तक वसूल रहे थे। ऐसे में अथॉरिटी लोगों को कम शुल्क पर ही यह सुविधा दे रही है। वहीं, कमर्शल एरिया में यूजर चार्ज की दरें रेजिडेंशल की अपेक्षा अधिक होंगी।
अथॉरिटी सूत्रों के मुताबिक, जनवरी में लोगों को दिसंबर का बिल भेजा जाएगा , एजेंसी ने इसके लिए तैयारी पूरी कर ली है , यह बिल केवल उन रेजिडेंट्स को भेजा जाएगा, जिनका कूड़ा 30 नवंबर तक एजेंसी ने उठाना शुरू कर दिया था और पूरे दिसंबर कूड़ा उठाया है।
अथॉरिटी की ओर से चिह्नित की गई एजी एनवायरो एजेंसी ने 26 जनवरी 2018 से डोर टु डोर कूड़ा कलेक्शन करना शुरू किया था। इससे पहले जून-जुलाई से यूजर चार्ज लगाने की प्लानिंग हुई थी। सभी सेक्टरों व गावों में कूड़ा उठना शुरू न हो पाने की वजह से यूजर चार्ज को जून-जुलाई से लागू नहीं किया जा सका।
अथॉरिटी के मुताबिक अब 145 सेक्टरों व 81 गावों से एजेंसी कूड़ा उठा रही है। ऐसे में अब जनवरी 2020 से लोगों से यूजर चार्ज लिया जाएगा। बता दें कि 14 नवंबर 2018 को एजी एनवायरो के साथ नोएडा अथॉरिटी ने एमओयू साइन किया था। अथॉरिटी के ओएसडी अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि एग्रीमेंट की शर्तों के आधार पर ही एजेंसी यूजर चार्ज लेगी। अगर किसी से ज्यादा यूजर चार्ज लिया जाए तो वे अथॉरिटी में इसकी शिकायत कर सकते हैं।
इस तरह लिया जाएगा यूजर चार्ज————————कैटेगिरी रेट (रुपये में)
सरकारी कालोनी (टाइप 1, 2, 3, 4) 25-100
सेक्टर 25-100
सेक्टर-दुकान 100
फ्लैट 50-150
छोटी दुकान, रेहड़ी-पटरी 250
छोटा रेस्तरां (25 सीट तक) 500
छोटा रेस्तरां (25 से अधिक सीट) 1000
3 हजार मीटर तक के बैंक्विट हॉल 3000
बड़े होटल, मॉल, मल्टीप्लैक्स 5000
शिक्षण संस्थान 250 से 5000
स्वास्थ्य सेंटर 100 से 5000
इंडस्ट्रीज व अन्य बड़े संस्थान 10000
ऑनलाइन पेमेंट की भी रहेगी सुविधा
एजेंसी के मुताबिक, जनवरी से 100 रुपये तक के चार्ज को नकद और इससे अधिक वाले चार्ज को पेटीएम व स्वाइप मशीन से लिया जाएगा। इसके बाद प्रयास किया जा रहा है कि लोगों को ऑनलाइन पेमेंट की सुविधा दी जाए। इसकी अभी तैयारी चल रही है। कैश में भी जो यूजर चार्ज देंगे, वे अपनी पर्ची जरूर लें।
