बडी राहत : सीएम योगी आदित्यनाथ की घोषणा, खेतों से ही खरीदी जाए किसानों की फसल

Abhishek Sharma

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लॉकडाउन बढ़ाने की चर्चाओं के बीच उत्तर प्रदेश में सरकार के कामकाज को नए सिरे से संवारने और पटरी पर लाने के लिए कई अहम फैसले किए। इस सिलसिले में उन्होंने लखनऊ में 5 कालीदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास पर अपने कैबिनेट के मं​त्रियों के साथ बैठक की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ ने इस बैठक में सरकार के कामकाज को पटरी पर लाने के लिए मंत्रियों को दोबारा दफ्तरों में बैठने का निर्देश दिया है।

हालांकि उन्होंने इसके साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग को भी बनाए रखने के उपाय करने को कहा। इस नजरिए से ही उन्होंने मंत्रियों को अपने स्टाफ को रोटेशनल के आधार पर शिफ्ट में बुलाने का सुझाव दिया जिससे मंत्रियों के दफ्तर में भीड़ न हो और सोशल डिस्टेसिंग का पालन किया जा सके।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मीटिंग में अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रदेश में 15 अप्रैल से किसानों की फसल खरीदी का काम शुरू कर दिया जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि किसानों की फसल क्रय केंद्रों की बजाए सीधे खेतों से ही खरीद ली जाए। इससे क्रय केंद्रों पर भीड़ होने का डर भी नहीं रहेगा और लॉकडाउन का उल्लंघन भी नहीं होगा।

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी ने टीम-11 के साथ बैठक कर प्रदेश में लॉकडाउन और कोरोना की स्थिति का जायजा लिया।

सीएम योगी ने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि उत्तर प्रदेश के 15 जिलों में चिन्हित किए गए 133 कोरोना हॉटस्पॉट्स एरिया में रहने वाले सभी लोगों को जरूरी चीजों की कमी न हो। उन्होंने अधिकारियों से इन एरिया में सामान की होम डिलीवरी करने का​ निर्देश दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.