दिल्ली में नहीं घटे पेट्रोल-डीजल के दाम, भाजपा कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल के घर के बाहर दिया धरना
केंद्र सरकार द्वारा डीजल और पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी कम करने के फैसले के बाद से कई राज्यों में इनके दामों में गिरावट आई है। वहीं दिल्ली में फिलहाल पेट्रोल डीजल के दामों में कमी नहीं आई है, इसे लेकर कांग्रेस पार्टी और बीजेपी लगातार केजरीवाल सरकार पर हमला बोल रही है।
बीजेपी लगातार प्रदर्शन कर रही है और मांग कर रही है जल्द से जल्द दिल्ली में भी पेट्रोल और डीजल के दाम कम करे केजरीवाल सरकार। दिल्ली भाजपा के नेताओं ने आज मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के नजदीक धरना दिया। धरना स्थल पर मौजूद दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता तब तक धरना जारी रखेंगे जब तक मुख्यमंत्री वैट में कटौती करने का एलान नहीं कर देते हैं। भाजपा शासित राज्यों और दिल्ली में मिल रहे पेट्रोल-डीजल की कीमत में काफी अंतर है। केजरीवाल सरकार को बिना देरी किए वैट में कटौती का एलान करना चाहिए ताकि दिल्ली की जनता को राहत मिले।
इससे पहले आदेश गुप्ता ने कहा था कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल के शुल्क में प्रति लीटर पांच रुपये और डीजल में 10 रुपये की कमी करके देशवासियों को दीवाली का उपहार दिया है। 13 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों ने भी वैट में कमी की है, लेकिन दिल्ली सरकार इसके लिए तैयार नहीं है। वर्ष 2018 में भी केंद्र सरकार ने शुल्क में कटौती करके जनता को राहत दी थी। उस समय कई राज्यों में वैट में कमी की गई थी, लेकिन दिल्ली सरकार ने कोई राहत नहीं दी थी।
इस मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने धरना स्थल पर जुट कर प्रदर्शन किया, जिनका सीधा आरोप था की दिल्ली की जनता के साथ केजरीवाल सरकार नाइंसाफी कर रही है।
