बीजेपी ने आने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में रविवार को नई दिल्ली में भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होने जा रही है। इस बैठक की शुरुआत बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के संबोधन के साथ होगी, और समापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण से होगा।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने बताया कि कोविड प्रोटोकाल को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के लिए सभी सदस्यों को दिल्ली नहीं बुलाया गया है। बैठक में कार्यसमिति के केवल 124 सदस्य उपस्थित रहेंगे। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, राज्य सभा में नेता सदन पीयूष गोयल, निर्मला सीतारमण समेत सभी केंद्रीय मंत्री और कार्यसमिति के अन्य सदस्य शामिल होंगे।
प्रेस कांफ्रेंस में बीजेपी महासचिव अरुण सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पांच राज्यों- उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा होगी। विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के अन्य सदस्य प्रदेशों के कार्यालय में बैठकर इस बैठक से वर्चुअली जुड़ेंगे।
यह बैठक नई दिल्ली नगरपालिका परिषद के कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगी।