राज्य सरकारें चाहे तो यूपी में फंसे दूसरे राज्यों के प्रवासियों को भेजने में करेंगे मदद : सीएम योगी
Abhishek Sharma
Noida (23/04/2020) : कोरोना वायरस महामारी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए पूरे देश में 3 मई तक लॉक डाउन हैं। ऐसे में लाखों प्रवासी मजदूर दूसरे राज्यों में फंसे हुए हैं। वहीं दूसरे राज्यों के प्रवासी मजदूर यूपी में भी रह रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि लॉकडाउन के कारण अन्य राज्यों के जो लोग उत्तर प्रदेश में फंस गए हैं यदि उनके गृह राज्य की सरकार उनको वापस बुलाने का निर्णय करती है तो वह सयोग करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार यूपी में फंसे दूसरे राज्य के लोगों को अपने गृहराज्य जाने की अनुमति देगी और जो सहयोग हो सकेगा करेगी। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक ट्वीट में यह जानकारी दी गई है।
लॉकडाउन के चलते उत्तर प्रदेश में अन्य राज्यों के प्रवासी फंसे हैं। इनमें मजदूरों की संख्या ज्यादा है। कुछ दिन पहले महाराष्ट्र सरकार ने भी कहा था कि केंद्र से अनुमति मिले तो वह प्रदेश में फंसे प्रवासियों को उनके गृह राज्य भेजने पर विचार कर सकती है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दफ्तर की ओर से भी कहा गया है कि अगर राज्य सरकारें अपने लोगों को यूपी से बुलाने का निर्णय लेंगी तो यूपी सरकार इस काम में जरूर सहयोग करेगी।
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए राजस्थान के कोटा में फंसे सैकड़ों छात्रों को यूपी बुलाया था। अलग-अलग जिलों के छात्रों को कोटा से लाने के लिए 300 से ज्यादा बसें भेजी गई थीं।
पिछले महीने दिल्ली से सटे गाजियाबाद बॉर्डर पर अचानक हजारों मजदूर इकट्ठा हो गए थे जो अपने घर जाने के लिए लॉकडाउन के बीच निकल पड़े थे। योगी सरकार ने बसों का इंतजाम कर इन सभी लोगों को उनके घर पहुंचाने का काम किया था।