नई दिल्ली :– पेगासस जासूसी विवाद को लेकर मामला और भी ज्यादा गर्माता जा रहा है। आपको बता दें कि आज कांग्रेस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास का घेराव किया।
दिल्ली कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष अनिल चौधरी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने गृह मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की और इस्तीफे की भी मांग की।
वहीं, कांग्रेस ने दिल्ली पुलिस पर अनिल चौधरी के घर की पहरेदारी करने का भी आरोप लगाया। कांग्रेस की दिल्ली इकाई ने कहा की मोदी सरकार द्वारा राहुल गांधी की जासूसी करने के खिलाफ आवाज उठाने पर अमित शाह की दिल्ली पुलिस अनिल चौधरी के घर पर सुबह से ही पहरेदारी कर रही है और अब पुलिस ने उन्हें मंदिर मार्ग पर कैद कर लिया है। लेकिन हम राहुल गांधी के सिपाही है, डरेंगे नहीं।
आपको बता दें कि गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर विरोध प्रदर्शन करने वाले अनिल चौधरी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
अनिल चौधरी ने कहा कि भाजपा के झूठ के खिलाफ और भारतीय नागरिकों की जासूसी के खिलाफ यह विरोध कर रहे हैं। हमारे लोकतंत्र पर हमला किया जा रहा है और गांधी परिवार जिसने देश के लिए इतना बलिदान दिया है, उसकी जासूसी की जा रही है। ऐसी चीजें ब्रिटिश शासन के दौरान हुआ करती थीं।