उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 700 के पार, एक जमाती की हुई मौत

Abhishek Sharma

उत्तर प्रदेश में आज यानि बुधवार को 45 नए कोरोना संक्रमित मामले आने के बाद मरीजों की संख्या 700 के पार पहुंच गई है। अब यूपी में 705 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। वहीं अभी तक यूपी में 49 कोरोना पॉजिटिव लोग रिकवर भी हो चुके हैं।

वहीं मौतों की बात करें तो प्रदेश में आगरा के 4 और बस्ती, वाराणसी, मुरादाबाद, कानपुर, मेरठ और बुलंदशहर में एक-एक मरीज की मौत हो चुकी है।

उत्तर प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव मिले एक जमाती की मंगलवार देर रात मौत हो गई। मरीज को संभल जिले से बीते 9 अप्रैल को मुरादाबाद में रेफर किया गया था। वह तमिलनाडु का रहने वाला था।

76 वर्षीय जमाती की सोमवार को आई रिपोर्ट में उसके पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई थी। उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा था। कोरोना पॉजिटिव जमाती की यूपी में यह पहली मौत है।

नए आंकड़ों के बाद अब यूपी के 44 जिले कोरोना वायरस से प्रभावित हो चुके हैं। इनमें भी मेरठ, आगरा और गौतमबुद्धनगर के बाद राजधानी लखनऊ में तेजी से मामले सामने आए हैं।

राजधानी लखनऊ के सदर बाजार इलाके में अब तक 50 कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आ चुके हैं। वहीं 200 लोगों की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। इस इलाके को हॉटस्पॉट के तौर पर सील कर दिया गया है।

वहीं, यहां पर ड्रोन से निगरानी की जा रही है। सख्ती बढ़ा दी गई है लेकिन अभी भी सरकार व प्रशासन के माथे पर चिंता की लकीरें दिखाई दे रहे हैं क्योंकि लगातार इस अकेले सदर बाजार इलाके से मरीजों की संख्या बढ़ रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.