बढ़ते कोरोना मरीजों को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री बोले- देश सबसे खराब स्थिति से निपटने के लिए भी तैयार है
Rohit Sharma
नई दिल्ली :– देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 3320 नए मामले सामने आए हैं और 95 लोगों की मौत हुई है।
इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 59,662 हो गई है, जिनमें 39,834 सक्रिय हैं, 17,847 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 1981 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, आज राजस्थान में 57 नए मामले दर्ज किए गए हैं।
दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कोरोना वायरस को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उत्तर-पूर्वी राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ बैठक की।
बैठक के दौरान हर्षवर्धन ने कहा कि हम अपने देश में कई अन्य विकसित देशों की तरह बहुत खराब स्थिति की आशंका नहीं रखते हैं, लेकिन फिर भी हमने पूरे देश को सबसे खराब स्थिति से निपटने के लिए तैयार किया है।
उन्होंने बताया कि देश में कोरोना मृत्यु दर लगभग 3.3 फीसदी बनी हुई है और रिकवरी दर 29.9 फीसदी तक बढ़ गई है, ये बहुत अच्छे संकेतक हैं। पिछले तीन दिनों के लिए दोहरीकरण की दर लगभग 11 दिन रही है, पिछले सात दिनों में यह 9.9 दिन हो गए हैं।